छावनी क्षेत्र में लगे अवैध होर्डिंग के खिलाफ कैंट बोर्ड लगातार अभियान चला रहा है। मंगलवार को कैंट टीम ने छावनी के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 8 हजार स्क्वायर फीट एरिये पर लगे अवैध होर्डिंग को हटाया।
कैंट बोर्ड सीईओ राजीव श्रीवास्तव के निर्देश पर छावनी अधिशासी अभियंता अनुज सिंह के नेतृत्व में करीब 30
कर्मचारियों की टीम मंगलवार सुबह जीरो माइल पहुंची। जहां से टीम ने अवैध होर्डिंग हटाना शुरू किया। टीम ने जीरो माइल से बेगमपुल होते हुए रोडवेज बस अड्डे तक के सारे अवैध होर्डिंग हटा दिए।
यहां से टीम ने वेस्टर्न रोड का रुख किया। टीम ने वेस्टर्न रोड से शिव चौक, हनुमान चौक होते हुए बाउंड्री रोड, मवाना बस अड्डा स्थित कमिश्नरी क्रासिंग तक के होर्डिंग हटाए। अवैध होर्डिंग हटाने में राजस्व विभाग, बिलिंग विभाग, इंजीनियरिंग विभाग समेत अन्य विभागों के कर्मचारी शामिल हैं।
स्ट्रक्चर पर कैंट का कब्जा
सीईई अनुज सिंह ने बताया कि कैंट बोर्ड ने 4 फरवरी को अभियान शुरू किया था। अवैध होर्डिंग डटाने के बाद अवैध कब्जेदारों को सोमवार तक स्ट्रक्चर हटाने का समय दिया गया था, लेकिन वे हटाए नहीं गए। अब वह स्ट्रक्चर पर कैंट बोर्ड की संपत्ति हो गई है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को गांधी बाग से रुड़की रोड, सदर बाजार, आबूलेन, दिल्ली रोड, महताब आदि क्षेत्र में अभियान चलाया जाएगा। वहीं कैंट बोर्ड ने अवैध होर्डिंग लगाने वालों को नोटिस भेजा था।अब अवैध होर्डिंग लगाने वालों से वसूली की जाएगी।
छावनी क्षेत्र से अवैध होर्डिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई चल रही है। मंगलवार को टीम ने करीब 8 हजार स्क्वायर फीट एरिए से अवैध होर्डिंग हटाए हैं। -अनुज सिंह, अधिशासी अभियंता
छावनी क्षेत्र में जिन्होंने भी अवैध होर्डिंग लगाए हैं। उन्हें नोटिस भेजे हैं, अब उनसे सख्ती से वसूली की जाएगी।
-राजीव श्रीवास्तव, सीईओ
नोटिस से पहले कैंट बोर्ड ने की तैयारी
कैंट बोर्ड व्यापारियों पर शिकंजा कसने की तैयारी में जुट गया है। बृहस्पतिवार से अतिक्रमण करने वालों को कैंट बोर्ड नोटिस भेजेगा। अभी तक बाजारों में उड़े ड्रोन कैमरे की रिकार्डिंग की भी सीडी तैयार हो गई है। जिन्हें कैंट बोर्ड नोटिस के पक्ष में हथियार बनाएगा।
सीईई अनुज सिंह के नेतृत्व में टीम छावनी क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में 31 जनवरी से ड्रोन कैमरा उड़ाकर रिकार्डिंग कर रही है। ड्रोन कैमरा बाजारों में हो रहे स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण को कैद कर रहा है। कैंट बोर्ड 11 फरवरी से अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को नोटिस भेजेगा।
ऐसे में अगर कोई भी व्यापारी संघ और विधायक व्यापारियों के पक्ष में आते हैं तो उन्हें अतिक्रमण की सीडी दिखाई जाएंगी। इसमें कैंट बोर्ड ऐसे भवनों को भी शामिल करेगा, जिनके बाहर लोगों ने नियमों की अनदेखी करके छज्जा निकाला हुआ है।
वहीं सीईओ राजीव श्रीवास्तव का कहना है कि व्यापारियों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने की बात कहीं थी। कैंट बोर्ड ड्रोन कैमरे के जरिये उन पर निगाह रखे हुए है। जो व्यापारी अतिक्रमण नहीं हटाएंगे उनके खिलाफ 10 फरवरी के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आज खत्म होगा अभियान
सदर क्षेत्र में मंगलवार को ड्रोन कैमरा उड़ाया गया। कैंट बोर्ड टीम ने सदर बाजार, दाल मंडी, गंज बाजार, न्यू बाजार, आबूलेन, सोती गंज आदि क्षेत्रों में ड्रोन कैमरा से रिकार्डिंग की।
सीईई अनुज सिंह ने बताया कि इन सभी बाजारों की सोमवार को भी रिकार्डिंग की गई थी। इसके बाद मंगलवार को भी यहीं की रिकार्डिंग कराई गई है। ताकि अवकाश और बाजार खुलने वाले दिन में तुलना की जा सके।
उन्होंने बताया कि काफी हद तक व्यापारियों ने अतिक्रमण को खत्म किया है। बुधवार को अन्य बाजारों में ड्रोन कैमरा उड़ाया जाएगा। इसके बाद यह अभियान बंद कर दिया जाएगा।
सीईओ राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि अब कैंट बोर्ड के टीमें अतिक्रमण पर निगाह रखेंगी। जरूरत पड़ी को अतिक्रमण के खिलाफ दोबारा ड्रोन का सहारा लिया जाएगा।