जेएनयू में लगे देश विरोधी नारों के विरोध में रविवार को छात्र शहर की सड़कों पर उतरे। नारे लगाने वालों का पुतला फूंका। साथ ही माथे पर काली पट्टी बांधकर और हाथों में तिरंगा लेकर पैदल मार्च निकाला। डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके अलावा अर्द्धनग्न होकर राष्ट्रपति को नाम कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपा।
पैदल मार्च मेरठ कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दुष्यंत तोमर के नेतृत्व में निकाला गया। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के मेन गेट पर छात्र एकत्र हुए। जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने वालों का पुतला फूंका। इसके बाद जेल चुंगी चौराहा से एलआईसी और कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम होते हुए छात्र डीएम कार्यालय पहुंचे। यहां पर एसीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि जेएनयू में देश विरोधी नारे लगना अभिव्यक्ति की आजादी नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता पर हमला है। देश विरोधी नारे लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पैदल मार्च में डॉ. मुकेश परमार, मीनल गौतम, आयुष पंवार, शंभू पहलवान, मनीष शर्मा, राहुल विकल, बिजेंद्र राणा, शशांक गुप्ता, समर त्यागी, रविंद्र प्रधान, सुमित गिरि, अंकित प्रजापति आदि शामिल रहे।