काशी गांव में अपहृत युवती के घर में आग लगाने और सरधना में धर्म विरोधी नारेबाजी के विरोध में भाजपाइयों ने डीआईजी दफ्तर पर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई।
भाजपा नेता विनीत शारदा ने डीआईजी से कहा कि 23 जनवरी को किशोरी का अपहरण हुआ था, लेकिन आज तक न तो एक नामजद आरोपी पकड़ा गया और न ही किशोरी बरामद हुई। अब पीड़ितों का घर जलाकर उन्हें मारने की कोशिश की गई।
यदि पुलिस मामले में सख्त कार्रवाई करती तो यह नौबत न आती। इसके अलावा भाजपाइयों ने कहा कि पहले भूड़बराल में देश विरोधी और अब सरधना में धर्म विरोधी नारेबाजी की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दोनों जगह नारेबाजी करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
वहीं डीआईजी ने कहा कि अपहरण के मामले में पुलिस गंभीर है। उन्होंने कहा इस मसले पर गाजियाबाद पुलिस को बुलाया है। उधर, भाजपा नेताओं ने कहा कि एक समय में काशी गांव में वैश्य समाज के 500 परिवार रहते थे, लेकिन दहशत के कारण आज वहां केवल 40 परिवार ही रह गए हैं। उनके साथ हो रही आपराधिक घटनाएं ही इसकी वजह है।
सड़क पर बैठ कर की नारेबाजी
मेरठ। डीआईजी कार्यालय के बाहर भाजपाई सड़क पर बैठ गए और पुलिस, सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस कर्मियों ने उन्हें उठाने की कोशिश की तो वह उनसे भी उलझ गए। भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि अपराध चरम सीमा पर हैं, लेकिन मेरठ पुलिस प्रशासन पूरी तरह से पंगु हो गया है।
सपा एजेंट के तौर पर काम किया जा रहा है। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से मेरठ के हालात बद से बदतर हो गए हैं पुलिस प्रशासन हाथ पर हाथ रखे बैठी है। इस दौरान सुनील भराला, सुनील वशिष्ठ, महिला मोर्चा अध्यक्ष उमा चतुर्वेदी, सीमा अग्रवाल, दीपक शर्मा, सुनील दत्त शर्मा, प्रवीण अरोड़ा, नरेंद्र उपाध्याय, ललित नागदेव नितिन गोस्वामी, कुमुद त्यागी, कुसुम गोस्वामी, मनोज जोशी,
मुकेश सिंघल ,सरला शर्मा, संगीता पंडित, वीनस शर्मा, गिरीश मोहन गुप्ता आदि मौजूद रहे। वहीं डीआईजी कार्यालय के बाहर कुछ भाजपाई बाद में पहुंचे। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी भी कार्यक्रम की सूचना नहीं दी जाती। डीआईजी से मिलने के बाद बाहर सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने को लेकर भी भाजपाई एकमत नहीं दिखे।
कोर्ट मैरिज पर प्रतिबंध लगाएंगे : एसएसपी
कांशी की अपहृत छात्रा अगले महीने बालिग हो जाएगी। आरोपी जबरन छात्रा से कोर्ट मैरिज कर लेगा। इन सवालों को लेकर पीड़ित परिवार बहुत परेशान है। बुधवार को अपहृत छात्रा का मकान फूंक डाला, जिस पर परिवार में जबरदस्त आक्रोश है।
इस मामले को लेकर भाजपाइयों ने बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे पीड़ित परिवार के साथ एसएसपी डीसी दूबे से मुलाकात की। एसएसपी ने मोदीनगर एसओ को भी अपने ऑफिस में बुला लिया। पीड़ित परिवार और भाजपाइयों की बात सुनी। उसके बाद एसएसपी ने मोदीनगर एसओ से इस प्रकरण में क्या क्या कार्रवाई की गई, यह तमाम जानकारी ली।
एसएसपी ने मोदीनगर एसओ को आरोपी की कुर्की करने और कोर्ट मैरिज पर प्रतिबंध लगाने की बात की। ताकि बालिग होने के बाद भी छात्रा और आरोपी की कोर्ट मैरिज मान्य न हो सके। इस पर परिवार और भाजपाई भी संतुष्ट होकर चले गए।
एसएसपी बोले, शार्ट सर्किट से लगी आग
अपहृत किशोरी के घर लगी आग का कारण एसएसपी ने शार्ट सर्किट बताया है। एसएसपी ने कहा कि जांच के बाद यह बात सामने आई है। वहीं परिजन एसएसपी की बात से संतुष्ट नहीं हैं। एसएसपी ने बताया कि एसपी ट्रैफिक को इस मामले को देखने के लिए भेजा गया है। अग्निशमन और फॉरेंसिक टीम भी जांच कर रही है।
धमकी देने के मामले कार्रवाई होगी
पीड़ित परिवार ने बताया है कि आरोपी लगातार धमकियां दे रहे हैं। इस पर एसएसपी ने परतापुर एसएसआई रणसिंह यादव को बुलाया। एसएसपी ने निर्देश दिया कि आरोपियों के खिलाफ धमकी देने का केस दर्ज करो व चार्जशीट लगा दो।
एसएसपी ने पढ़ाया पाठ
एसएसपी से मुलाकात करने गए कमलदत्त शर्मा ने कहा कि पहले छात्रा अगवा, फिर परिवार को धमकी और अब मकान फूंकने के मामले में पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। जिस पर एसएसपी ने कमलदत्त को वकील बता कर शुरुआत से अब तक की कार्रवाई का पाठ पढ़ाया।
‘मामले को तूल दे रही भाजपा’
युवा सेवा समिति के अध्यक्ष बदर अली के नेतृत्व में समिति सदस्य डीएम और एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने भाजपा पर मामले में तूल देने का आरोप लगाया। भाजपा इसे सांप्रदायिक मसला बनाकर माहौल खराब करना चाहती है।
मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मौके पर नावेद, अकील अहमद, रमीज कुरैशी, जावेद रहमत, बासित अली, सईद, नईम अंसारी, आमिर, नईम सागर आदि मौजूद थे।