मेरठ में भाकियू कार्यकर्ताओं से वार्ता करने पहुंचे डीएम-एसएसपी।
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के मेरठ में रुड़की रोड स्थित सिवाया टोल प्लाजा पर कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन का धरना तीसरे दिन भी जारी है। बीती देर रात डीएम के. बालाजी, एसएसपी अजय साहनी, एसपी सिटी विनीत भटनागर और एडीएम ने धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों से बातचीत की। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से धरना खत्म करने की अपील की लेकिन, वे नहीं माने।
बताया गया कि सिवाया टोल प्लाजा पर अभी तक किसानों का धरना जारी है। किसानों का कहना है कि राकेश टिकैत के निर्देश के बाद ही वे धरना स्थल से उठेंगे। किसानों ने टोल प्लाजा की तीन लाइनों पर कब्जा कर रखा है।
किसानों का कहना है कि जब तक कृषि कानूनों को वापस नहीं लिया जाएगा, तब तक धरना जारी रहेगा। बताया गया कि आज फिर से यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें धरने को लेकर निर्णय लिया जा सकता है। बैठक में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी भी शामिल रहेंगे।
वहीं धरने का नेतृत्व कर रहे संजय दौराला का कहना है कि जो भी राकेश टिकैत का निर्देश होगा, उसी का पालन किया जाएगा।