मेरठ में कोरोना के पांच मरीज मिले, जिनमें एक साल का एक बालक भी है। वह जाहिदपुर का रहने वाला है। उसे बुखार है, परिजनों ने चिकित्सक के कहने पर उसकी जांच कराई तो कोरोना की पुष्टि हुई। उसके माता-पिता और अन्य परिवारजनों के भी सैंपल की जांच के लिए एकत्रित किए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट सोमवार को आएगी।
सर्विलांस अधिकारी डॉ. अशोक तालियान ने बताया कि रविवार को 3585 लोगों की जांच की गई। जो पांच मरीज मिले हैं, उनमें बच्चे समेत दो पुरुष वर्ग से और तीन महिलाएं हैं। दो मरीज ठीक हुए हैं। अब सक्रिय केसों की संख्या 21 है। सभी होम आइसोलेशन में हैं।
यह भी पढ़ें: ईद कल: सजी मस्जिदें, सुरक्षा चाक चौबंद, अधिकारी बोले- सड़कों पर न पढ़ें नमाज, सौहार्द के साथ मनाएं त्योहार
यह मरीज जाहिदपुर के अलावा पल्हेड़ा और शकूरनगर के रहने वाले हैं। जिले में कोरोना के मरीजों के मिलने की रफ्तार ज्यादा नहीं है। यहां के मुकाबले दिल्ली एनसीआर में काफी संख्या में मरीज मिल रहे हैं। मेरठ में कोई भी मरीज अस्पताल में भर्ती नहीं है, सभी घर पर रहकर इलाज करा रहे हैं।
आज की जाएगी मॉक ड्रिल
चौथी लहर के मद्देनजर सरकारी चिकित्सालयों में सोमवार को मॉक ड्रिल कर इलाज की व्यवस्था परखी जाएगी। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज और पीएल शर्मा जिला अस्पताल के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर यह मॉक ड्रिल होगी।