मेरठ में रजबन बाजार में ट्रांसपोर्टर दिशांत आहूजा की 11 साल की बेटी यशिका आहूजा पर हमला करने वाला पिटबुल नगर निगम की सलाखों में पहुंच गया है। प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह का कहना है कि कुत्ते के बधियाकरण और एंटी रैबिज का इंजेक्शन लगाने के साथ ही उसका पूरा चेकअप कराया जाएगा। कुत्ते के मालिक पर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगा दिया गया है। जुर्माने की रकम परतापुर स्थित कान्हा उपवन में गोशाला के विकास पर खर्च की जाएगी।
दरअसल, पिटबुल, साइबेरियन, हस्की, फिसेर बाक्सर, रोडविलर और ग्रेटडेन नस्ल के कुत्तों पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद पिटबुल और रोडविलर नस्ल के कुत्तों को रखने का शौक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिटबुल कुत्ते लगाकर लोगों पर हमला कर रहे हैं। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारी गंभीर नहीं है।
निगम में सिर्फ 275 कुत्तों का ही रजिस्ट्रेशन
नगर निगम में सिर्फ 275 कुत्तों का ही रजिस्ट्रेशन है। रजिस्ट्रेशन करने वाले सुनील सैनी ने बताया कि इसके लिए 500 रुपये की फीस रखी गई है। महानगर में पिटबुल नस्ल के 10 हजार से ज्यादा कुत्ते हो सकते हैं। बार-बार कहने के बावजूद भी पिटबुल को पालने वाले नहीं मान रहे हैं। इसके लिए कई बार बैठक हो चुकी है। वहीं, निगम के अधिकारियों का कहना है कि कुत्ते के मालिक पर एफआईआर पुलिस की ओर से लिखी जाए।
यह भी पढ़ें: Blast In Meerut: शव के टुकड़े देख सिहर उठे लोग, तौसीफ के परिवार पर टूटा गम का पहाड़