मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के गांव भडौली में 35 वर्षीय प्रमोद की खेत में चारा लेने के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी रॉबिन गुर्जर ने ग्राम प्रधान की गाड़ी और मृतक के घर पर भी फायरिंग की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मेरठ में किठौर थाना क्षेत्र के गांव भडौली में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब ग्रामीण घूम सिंह के बेटे प्रमोद (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रमोद सुबह खेत में चारा लेने गए थे, तभी उन पर जानलेवा हमला हुआ।
विज्ञापन
हत्या का आरोप गांव के ही रॉबिन गुर्जर पर लगा है। प्रमोद को गोली लगने के बाद ग्राम प्रधान सतीश अपनी कार से उन्हें डॉक्टर के पास ले जा रहे थे। रास्ते में आरोपी ने ग्राम प्रधान की कार पर भी फायरिंग कर दी। गंभीर हालत में प्रमोद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस वारदात से गांव में गम और गुस्से का माहौल है।
गांव में भी बरसाईं गोलियां
वारदात के बाद आरोपी रॉबिन सीधे गांव पहुंचा और मृतक के घर पर भी फायरिंग की। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी ने तीन दिन पहले हापुड़ के नानपुर गांव में भी फायरिंग की थी।
जानकारी मिलने पर किठौर पुलिस और सीओ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। सीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि हत्या के कारण का पता नहीं चला है, परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गिरफ्तार आरोपी की तलाश में जुटी है।