जो रैपिड रेस्पांस टीमें बनाई गई हैं, उनमें स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक और कर्मचारी हैं। इनमें शहर में 26 और देहात में 12 टीमें काम करेंगी। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग विदेश से आए 54 लोगों की निगरानी कर रहा है, जबकि 100 से ज्यादा लोगों से संपर्क किया गया है। इनकी सूची सोमवार को मिली थी। स्वास्थ्य विभाग ने 11 टीमों का गठन सोमवार को किया था, जिनमें मनोचिकित्सक और निजी अस्पतालों के लिए सर्विलांस टीम बनाई गई है।
सीएमओ ने बताया कि अमेरिका से आए जिन दो लोगों के सैंपल रविवार को जांच के लिए दिल्ली लैब भेजे गए थे, उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। यानी उन्हें कोरोना नहीं है। मंगलवार को अमेरिका से आई एक महिला का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। जबकि सोमवार को भेजे गए दो सैंपलों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। इस तरह फिलहाल तीन लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। सीएमओ के अनुसार अभी तक 11 लोगों की रिपोर्ट मिल चुकी है और सभी रिपोर्ट राहत भरी हैं। यानी किसी में कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है।
कोरोना को लेकर कोई सवाल है तो हमें बताएं...
कोरोना से बचाव को लेकर लोगों में कई तरह के सवाल हैं, जिनका वे जवाब चाहते हैं। अमर उजाला जनता के इन सवालों के जवाब स्वास्थ्य विभाग और आईएमए के वरिष्ठ चिकित्सकों से लेगा और उन्हें अपने पाठकों तक पहुंचाएगा। ताकि लोग परेशान न हों और उन्हें सही जानकारी मिल सके। इसके लिए व्हाट्स एप नंबर 7617566168 पर आप अपना नाम और पते के साथ अपने सवाल भेज सकते हैं। आप चाहें तो हमें mrt-cityreporter@mrt.amarujala.com पर ई-मेल भी कर सकते हैं।
माइक्रोबायोलॉजी लैब प्रभारी को लखनऊ बुलाया
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि मेडिकल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में कोरोना जांच की शासन ने सैद्धांतिक तौर पर मंजूरी दे दी है। लैब प्रभारी डॉ. अमित गर्ग को इसके लिए लखनऊ बुलाया गया था। जल्द ही लैब शुरू की जाएगी।
ये काम करेंगी रैपिड रेस्पांस टीमें
- विदेश से आए लोगों के बारे में जानकारी लेेंगी।
- रोजाना उनकी सेहत के बारे में पूछताछ करेंगी।
- अगर किसी में कोरोना जैसे लक्षण मिलते हैं तो उनके सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।
- अगर कहीं कोरोना को लेकर अफवाह फैलती है या कोरोना को लेकर सूचना देता है तो तुरंत मौके पर जाकर पड़ताल करेंगी।
- लोगों को कोरोना से बचाव और एहतियात बरतने के लिए जागरूक किया जाएगा।