सार
मेरठ के परतापुर क्षेत्र के शंकर नगर फेस-2 में सोमवार देर रात बाइक सवार दो नकाबपोश चोरों ने शिव मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की। आरोपी दानपेटी से नकदी और चांदी का छत्र, कलश, इनवर्टर, बैटरी व घंटा समेत अन्य सामान ले गए। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
मेरठ के मंदिर में चोरी करते नकाबपोश
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ के थाना परतापुर क्षेत्र के शंकर नगर फेस-2 में सोमवार देर रात चोरों ने शिव मंदिर को निशाना बना लिया। बाइक सवार दो नकाबपोश चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। इसके बाद आरोपी मंदिर में रखा चांदी का छत्र, कलश, इनवर्टर, बैटरी और घंटा समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह पूजा करने पहुंचे श्रद्धालुओं को हुई जानकारी
मंगलवार सुबह श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो वहां ताले टूटे और सामान बिखरा देखकर हैरान रह गए। मंदिर में चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: मेरठ: फ्लैट-प्लॉट के नाम पर महिला से लाखों की धोखाधड़ी का आरोप, सीओ समेत चार पर प्राथमिकी; पुलिस जांच में जुटी
CCTV में कैद हुए दो नकाबपोश चोर
मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो नकाबपोश चोर चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में आरोपी चोरी का सामान बाइक पर लादकर ले जाते नजर आ रहे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए मंदिर के साथ आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद कॉलोनीवासियों में रोष है। लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इससे लोगों में भय का माहौल है।
कॉलोनीवासियों ने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।