फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ: निकाह के चार महीने बाद ही विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, सिर और चेहरे पर मिले चोट के गंभीर निशान

Sun, 04 Oct 2026 11:50 AM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

मेरठ की खुशबू का निकाह बुलंदहशर के फईमुद्दीन से हुआ था। फईमुद्दीन के पहली पत्नी से तीन बच्चे थे, जिन्हें खुशबू पाल रही थी। भाई का आरोप है कि दहेज में 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर उसकी बहन की हत्या कर दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बुलंदशहर स्थित नरौरा थाना क्षेत्र के गांव पिलखना में शादी के महज चार माह बाद विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। भाई का आरोप है कि दहेज में 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर उनकी 30 वर्षीय नवविवाहिता बहन खुशबू को मार डाला। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी, ननद और ननदोई के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्राथमिक जांच में खुशबू के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
विज्ञापन

 

मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित गांव फिरोजपुर नगर घंटे वाली गली निवासी सद्दाम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी छोटी बहन खुशबू (30) का निकाह 2 जून 2026 को नरौरा के गांव पिलखना निवासी फईमुद्दीन के साथ किया था। शादी में हैसियत के मुताबिक करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे। घरेलू सामान, जेवरात और उपहार देकर बहन को विदा किया था।
 

आरोप है कि निकाह के कुछ दिन बाद ही ससुरालियों का लालच सामने आ गया। पति फईमुद्दीन, ससुर नाटी खां उर्फ नटिया, सास हारून बेगम, जेठ सलीमुद्दीन व नईमुद्दीन, जेठानी शायबा व शबनम, ननद शाहरून और ननदोई दिए गए दान-दहेज से नाखुश थे और लगातार 10 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बना रहे थे। भाई सद्दाम का आरोप है कि जब खुशबू ने मायके की माली हालत का हवाला देकर रकम लाने में असमर्थता जताई, तो उसे बेरहमी से प्रताड़ित किया जाने लगा। आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।
 

भाई ने कहा कि उसकी बहन का रो-रोकर फोन आता तो मायके वाले समझाने-बुझाने पिलखना आते थे। इस मामले को लेकर गांव में कई बार पंचायतें भी हुईं लेकिन ससुराल वालों के रवैये में कोई सुधार नहीं आया। खुशबू ने ससुरालियों के जुल्म से तंग आकर पुलिस में ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके बाद 4 सितंबर 2026 को पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया था।
 

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान स्थानीय ग्राम प्रधान ने खुशबू और उसके मायके वालों पर अनुचित दबाव बनाया। प्रधान ने जान से मारने की धमकियां देकर 7 सितंबर 2026 को जबरन राजीनामा करा दिया। मायके वालों का आरोप है कि उसी समझौते की आड़ में ससुरालियों के हौसले और बुलंद हो गए और प्रधान ने भी ससुरालियों की शह पर दहेज हत्या की धमकी दी थी।

सद्दाम का कहना है कि 2 अक्तूबर की शाम पिलखना गांव के ही गुड्डू ने उन्हें फोन कर बताया कि फईमुद्दीन और उसके परिजनों ने खुशबू को बेरहमी से पीटा है, जिससे उसकी मौत हो गई है। जिसके बाद परिजन मेरठ से पिलखना पहुंचे। ससुराल में घर पर ताला लटका मिला और सभी आरोपी फरार हो चुके थे। ग्रामीणों ने बताया कि मारपीट के बाद जब खुशबू बेसुध हो गई, तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस खुशबू को गंभीर हालत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डिबाई पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया।
 

ठोस वस्तु से बेरहमी से पीटने की आशंका
खुशबू के चेहरे, सिर और बदन पर बर्बर पिटाई के गहरे निशान मिले हैं। पुलिस की प्राथमिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि खुशबू को लाठी-डंडों अथवा किसी ठोस वस्तु से बेरहमी से पीटा गया था। सूचना पर फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और कमरे से फिंगरप्रिंट व अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों और आंतरिक चोटों का पूरा ब्योरा सामने आ सकेगा।

पति के पहले निकाह के तीन बच्चों को पाल रही थी खुशबू
गांव पिलखना में इस वारदात के बाद तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी फईमुद्दीन की पहली पत्नी कुलसुम की करीब एक वर्ष पूर्व दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। आरोपी उस समय परिवार समेत दिल्ली में रहता था। कुलसुम के शव को गांव पिलखना लाकर सुपुर्द-ए-खाक किया गया था। पहली पत्नी से फईमुद्दीन के तीन मासूम बच्चे बेटा अम्मार (4 वर्ष), उम्मीद (3 वर्ष) और बेटी फातिमा (2 वर्ष) हैं। पहली पत्नी की मौत का साल पूरा होने से पहले ही उसने खुशबू से निकाह कर लिया था। खुशबू इन तीनों मासूमों की परवरिश अपनी औलाद की तरह कर रही थी।
 
विज्ञापन

ये बोले एसपी
महिला के साथ गंभीर मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। खुशबू को अचेत अवस्था में सीएचसी डिबाई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 
- अभिषेक प्रताप अजेय, एसपी सिटी, बुलंदशहर
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें