मेरठ में अब नकली ऑलआउट और गुडनाइट भी भारी मात्रा में बेची जा रही है। थापरनगर में गोडरेज के नकली गुडनाइट व ऑलआउट बेचे जाने की शिकायत पर कंपनी अधिकारियों ने छापा मारा। गोदाम से पुलिस ने नकली 2563 पीस बरामद किए। एक युवक को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी भाग गया। कंपनी के अधिकारी ने सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आइपी इन्वेस्टिगेशन सीर्पेस के रीजनल हेड शहबाज आलम ने शिकायत की कि सदर बाजार में गोदरेज कंपनी की नकली ऑलआउट व गुडनाइट बनाकर बेची जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की जांच की। जानकारी करने पर पता चला कि थापरनगर में आकाश गुप्ता ही उनको बेचता है।
पुलिस के साथ कंपनी अधिकारियों ने थापरनगर में आकाश गुप्ता के गोदाम पर छापा मारा। यहां से पुलिस ने तीन बोरों में 1740 पीस ऑलआउट अल्ट्रा व गुडनाइट के 823 पीस बरामद किए। गोदाम से पुलिस ने चाणक्य पुरी सदर बाजार निवासी आकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने बताया कि यह सामान उसका भाई विशाल गुप्ता बनाता है और सप्लाई करता है। पुलिस ने माल जब्त कर लिया। एसपी सिटी ने बताया कि सदर बाजार थाने पर शहबाज ने आकाश गुप्ता व विशाल गुप्ता के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। भागे हुए आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।