सरधना में आयोजित कार्यक्रम में बोलतीं इकरा हसन।
- फोटो : अमर उजाला
सरधना नगर के सेंट चार्ल्स इंटर कॉलेज में रविवार को पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की स्मृति में 'विचार गोष्ठी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने युवाओं और छात्राओं में नया जोश भरा। उन्होंने देश के निर्माण में डॉ. कलाम के योगदान को याद करते हुए शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और वर्तमान राजनीतिक हालात पर विचार रखे।
कार्यक्रम में उपस्थित बेटियां।
- फोटो : अमर उजाला
सांसद इकरा हसन ने कहा कि डॉ. कलाम एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने देश को परमाणु शक्ति संपन्न बनाया और नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। कलाम साहब के विचार को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि सपने वो नहीं होते जो सोते हुए देखे जाएं, बल्कि सपने वे होते हैं जो आपको सोने न दें। अगर युवा पूरी ईमानदारी से मेहनत करेंगे तो उनके सपने जरूर साकार होंगे।
Meerut: Iqra Hasan said—People of Sardhana, ensure my elder brother Atul Pradhan wins again.
सदन में अधिक से अधिक पहुंचें महिलाएं
महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी पर जोर देते हुए इकरा हसन ने कहा कि उत्तर प्रदेश से सदन (संसद-विधानसभा) तक पहुंचने वाली महिलाओं की तादाद बहुत कम है। उनकी दिली तमन्ना है कि आधी आबादी को उनका पूरा हक मिले और अधिक से अधिक महिलाएं सदन में जीतकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि तालीम पर हमारा और आपका पहला अधिकार होना चाहिए, क्योंकि शिक्षा ही तरक्की का सबसे बड़ा जरिया है।
साइकिल सिर्फ सवारी नहीं, हमारी सोच है
कार्यक्रम में छात्राओं को वितरित की जा रही साइकिलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि साइकिल सिर्फ एक सवारी नहीं बल्कि हमारी सोच है, यह हमें अपने दम पर आगे ले जाने वाली चाबी है। जैसे हम खुद पैडल मारकर अपनी मेहनत से साइकिल आगे बढ़ाते हैं, वैसे ही मेहनत के बल पर जीवन में भी आगे बढ़ना है।
अतुल प्रधान की मेहनत को सराहा, 2027 में सरकार बनाने का आह्वान
सांसद ने स्थानीय विधायक अतुल प्रधान की तारीफ करते हुए कहा कि अतुल ने सरधना की सरजमीं को अपने खून-पसीने और मेहनत से सींचा है। अब जनता की जिम्मेदारी है कि वह उनकी इस मेहनत का फल उन्हें दे। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में अतुल प्रधान को भारी मतों से जिताने की अपील की।
नफरत का जवाब भाईचारे से देंगे
भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए इकरा हसन ने कहा कि भाजपा के नफरत भरे इरादों को हमें कभी कामयाब नहीं होने देना है। अगर ऐसे नफरती लोगों को आगे बढ़ने का मौका मिला तो आवाम का बड़ा नुकसान होगा। ये समाज में केवल नफरत फैलाते हैं, जिसका जवाब हम सभी को आपसी भाईचारे और एकजुटता से देना होगा। उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का जो नारा दिया है, वही हमारी असली ताकत और पहचान है। अब वक्त आ गया है कि हम सब एकजुट होकर इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें। 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की ही सरकार बनेगी।
सपा सरकार बनने पर लिया जाएगा हिसाब: अतुल प्रधान
कार्यक्रम में इकरा हसन के साथ ही सपा के वरिष्ठ नेता जावेद आब्दी और प्रमुख समाजवादी चिंतक डॉ. लक्ष्मण यादव ने भी युवाओं का मार्गदर्शन किया। सरधना विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जुल्म करने वालों से हिसाब लिया जाएगा। थाना और तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार को पांच दिन में खत्म किया जाएगा। अतुल ने अपने कार्यकाल में सरधना बिजलीघर, गंगनहर पटरी, मेरठ-करनाल फोरलेन और सरधना-नानू मार्ग से जुड़े विकास कार्यों का जिक्र किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में सरकारी स्कूल बंद हुए और लोगों से रोजगार छीने गए। सरकारी जमीनों पर कब्जे किए गए, ऐसे कब्जे सपा की सरकार बनने पर हटाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुस्लिम बच्चियों समेत सभी छात्राओं को साइकिल मिलने से उनकी पढ़ाई की रफ्तार बढ़ेगी। दावा किया कि अब तक करीब 60 हजार छात्राओं को साइकिलें दी जा चुकी हैं। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ये भी देखें...
मेरठ: भारतीय वायुसेना के जांबाजों ने नौ विमानों से दिखाए करतब, आसमान पर बना दिया तिरंगा, तो कभी दिल की आकृति