15 लोगों के खिलाफ हुआ था मुकदमा
इकबाल कबाड़ी के बेटे अफजाल समेत 15 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। जांच में इकबाल कबाड़ी और उसके भाई अबरार का नाम सामने आने पर इनका नाम भी जोड़ लिया गया था। इकबाल की करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी भी पुलिस जब्त कर चुकी है।
नहीं रुक रही वाहन चोरी, उठ रहे मुजफ्फरनगर पुलिस पर सवाल
सोतीगंज पर शिकंजा कसने के बावजूद वाहन चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। मुजफ्फरनगर में चोरी के वाहन कटने को लेकर वहां की पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। मामला डीजीपी के संज्ञान में पहुंच गया है।
मुजफ्फरनगर और सहारनपुर का गैंग मेरठ पुलिस ने पकड़ा है। यह गिरोह मेरठ के वीआईपी इलाके से गाड़ियां चोरी कर ले जाता था और मुजफ्फरनगर में कटवा रहा था। मेरठ जिला पुलिस ने सोतीगंज पर शिकंजा कसा तो कबाड़ियों ने दूसरा ठिकाना बना लिया।
इस बात को लेकर एडीजी जोन ने पहले ही सभी कप्तानों को निर्देश दिए हैं कि जोन के किसी भी जिले में नया सोतीगंज न बनने पाए। इसके बावजूद मुजफ्फरनगर पुलिस गंभीर नहीं हुई। मेरठ पुलिस अभी इस गैंग से जुड़े आरोपियों का पता लगाने में जुटी है कि आखिर इनका नेटवर्क कहां तक फैला है।
सोतीगंज में कुछ दिन पहले शमसुद्दीन कबाड़ी से बरामद हुए 16 इंजनों की जांच करने के लिए सोमवार को एफएसएल टीम सदर बाजार थाने पहुंची। पुलिस ने 10 इंजनों की जांच की। इनमें से अधिकतर इंजनों के चेसिस और इंजन नंबर घिसे पाए गए। एफएसएल टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट सदर बाजार थाने को देगी। टीम मंगलवार को भी इंजनों की जांच करेगी।
सदर बाजार पुलिस ने शमसुद्दीन के यहां से 16 इंजन बरामद किए थे। इसके साथ ही पुलिस ने शमसुद्दीन पर मुकदमा दर्ज कर दिया था। सदर बाजार पुलिस का कहना था कि एफएसएल टीम से इंजनों की जांच कराएंगे, यदि चेसिस और इंजन नंबर से छेड़छाड़ पाई गई तो आरोपी को गिरफ्तार कर चार्जशीट लगाई जाएगी।
अब एफएसएल टीम ने इंजनों की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही रिपोर्ट आने के बाद शमसुद्दीन और अन्य कबाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर सदर बाजार देव सिंह रावत ने बताया कि 10 इंजनों की जांच हो चुकी है। बाकी इंजनों की जांच भी जल्द होगी। आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हाजी गल्ला का साथी परवेज उर्फ टेप गिरफ्तार
सोतीगंज के शातिर कबाड़ी हाजी गल्ला का साथी आरोपी परवेज उर्फ टेप ‘स्पेशल 75’ टीम ने दबोच लिया। उस पर एसएसपी ने 10 हजार का इनाम किया था। वह वाहन चोरी करके सोतीगंज में कटान के लिए गल्ला को वाहन बेचता था। पुलिस लाइन में तैनात ‘स्पेशल 75’ टीम वाहन चोरी करने वाले गैंग की तलाश में लगी हुई है।
गल्ला का साथी 10 हजारी परवेज उर्फ टेप अहमद निवासी रजबन बाजार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह लिसाड़ी गेट में छिपा हुआ था। उसे लिसाड़ी गेट थाना पुलिस को सौंप दिया है। सीओ कोतवाली अरविंद कुमार चौरसिया ने बताया कि आरोपी शातिर अपराधी है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया है, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। परवेज ने कहां-कहां वाहन चोरी किए, इसका पता लगाने के लिए पुलिस उसे रिमांड पर लेगी।