रोहटा थाने में तैनात दरोगा सनी कुमार शोभापुर के एक केस की विवेचना कर रहा था। रिश्वत मांगे जाने पर पीड़ित ने विजिलेंस में शिकायत कर दी। टीम ने आकर दरोगा को रंगेहाथ पकड़ लिया।
विजिलेंस टीम ने बृहस्पतिवार दोपहर शोभापुर चौकी क्षेत्र से रोहटा थाने में तैनात दरोगा सनी कुमार को डेढ़ लाख की रिश्वत के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। विजिलेंस टीम दरोगा को थाने ले गई, जहां उस पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की गई।
रोहटा थाना क्षेत्र की कल्याणपुर चौकी पर दरोगा सनी कुमार तैनात था। सनी शोभापुर के किसी मामले में विवेचना कर रहा था। वह पीड़ित से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। पीड़ित ने विजिलेंस व उच्च अधिकारियों को दरोगा के बारे में जानकारी दे दी।
इसके बाद बृहस्पतिवार को विजिलेंस टीम ने दरोगा की घेराबंदी शुरू कर दी। पीड़ित ने जैसे ही रुपये दिए, टीम ने आकर दरोगा को रंगेहाथ पकड़ लिया। दरोगा ने विजिलेंस टीम से बचकर भागने का भी प्रयास किया, लेकिन भाग नहीं सका। एसपी सिटी आयुषी विक्रम सिंह का कहना है कि दरोगा पुलिस हिरासत में है। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।