अस्पताल में भर्ती इमाम। देर रात तक गोली सिर में ही फंसी थी।
- फोटो : अमर उजाला
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन स्थित जैद गार्डन में रविवार सुबह मस्जिद में घुसकर इमाम नईम के सिर में पास ही रहने वाले सरताज ने गोली मारी दी। आरोपी तमंचा मौके पर छोड़कर भाग निकला। शाम को आरोपी को पुलिस ने दिल्ली के गाजीपुर थानाक्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया, मेरठ पुलिस उसे लेने के लिए रवाना हो गई थी।
रोहटा रोड पर मुरलीपुर गांव निवासी मौलाना नईम सात वर्षों से जैद गार्डन के कासमी मस्जिद में इमाम हैं। रविवार को करीब साढ़े छह बजे नमाज के बाद पड़ोस के रहने वाले बच्चे साकिर, बिलाल, उस्मान को अरबी पढ़ा रहे थे। वह ऑनलाइन क्लास भी ले रहे थे। इस दौरान पड़ोसी सरताज मस्जिद में दो तमंचे लेकर पहुंचा। इमाम से बदसलूकी कर उसने तमंचों से फायरिंग कर दी। एक गोली मौलाना के सिर में कान के पास जा लगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने इमाम को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि इमाम के भाई नसीम की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी सरताज को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं देर रात तक गोली इमाम के सिर में फंसी हुई थी। डॉक्टर उनकी सर्जरी करने की तैयारी कर रहे थे।
ये वजह आई सामने
बताया गया कि सरताज कुछ दिन पहले मस्जिद में नमाज पढ़ने आया था। इमाम ने कहा दिया कि मस्जिद में साफ सुथरे होकर आया करो। सरताज ने इसे अपनी बेइज्जती समझा। इसके अलावा इमाम ने एक महिला की झाड़फूंक की थी। महिला ठीक होने के बजाय और ज्यादा बीमार हो गई, वह महिला सरताज की रिश्तेदार थी। इससे भी वह इमाम से गुस्सा था।