अधिकारियों ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। परतापुर थाना पुलिस, ब्रह्मपुरी सीओ सौम्या अस्थाना और सदर एसडीएम मौके पर पहुंचे। उन्होंने बरामद पटाखों और कच्चे माल को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि फैक्टरी और गोदाम संचालक चंदन ने यह कार्य लंबे समय से कर रखा था।
पुलिस ने संचालक चंदन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों और फैक्टरी में काम करने वालों से भी पूछताछ की। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की अवैध फैक्टरी न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
अवैध पटाखा फैक्टरी का भंडाफोड़
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ पुलिस की इस कार्रवाई से दीपावली के मौके पर सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और किसी भी उल्लंघनकर्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में बरामद पटाखों की कीमत लाखों में आंकी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध रूप से पटाखा बनाने या बेचने वालों की जानकारी दें, ताकि समय रहते ऐसी गतिविधियों को रोका जा सके।