आग लगने से क्षतिग्रस्त सिलिंडर। सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
टीपीनगर थाना क्षेत्र के मोहकमपुर स्थित माता वाली गली में बुधवार रात घर में लगी आग से राहुल (38) और उनकी पत्नी संगीता (35) झुलस गए। बताया गया है कि दंपती में विवाद के बाद राहुल ने ही सिलिंडर का पाइप निकालकर आग लगाई है। दंपती को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है।
थाना प्रभारी अरुण मिश्रा ने बताया कि राहुल मजदूरी करता है। बुधवार रात वह मजदूरी कर घर लौटा था। उसकी पत्नी संगीता रसोई में खाना बना रही थी। संगीता को जब पता चला कि राहुल शराब पीकर आया है तो इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी विवाद में राहुल ने सिलिंडर का पाइप निकालकर घर में आग लगा दी। इसमें दोनों बुरी तरह झुलस गए।
गनीमत रही कि दंपती की दो बेटियां और एक बेटा इस दौरान घर के बाहर खेल रहे थे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आग पर काबू पाया और पुलिस को सूचना देकर दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। आग लगने की सूचना दमकल को भी दी गई।
मौके पर नहीं पहुंच पाए दमकलकर्मी
दमकल कंट्रोल रूम से जानकारी दी गई कि मोहकमपुर में आग लगने की सूचना पर दो दमकल वाहन मौके पर भेजे गए थे। कंट्रोल रूम से बात करने पर बताया गया कि दमकलकर्मी मौके पर पहुंचकर लोकेशन तलाशते रहे। जिस नंबर से कॉल की गई थी, उसने भी कॉल रिसीव नहीं की। काफी देर परेशान होने के बाद दमकलकर्मी वापस लौट गए।
ये भी देखें...
Meerut: 70 साल के बुजुर्ग को सांस लेने में हुई दिक्कत, अस्पताल ने बता दिया एड्स, भर्ती कर दो लाख रुपये ठगे