बागपत निवासी मौ. अशरफ ने बुधवार को एसएसपी अवनीश पांडे व सीएमओ अशोक कटारिया को शिकायत पत्र देते हुए बताया कि कुछ समय से उन्हें सांस लेने में दिक्कत और बीपी की परेशानी हो रही थी। परिजन इलाज के लिए कंकरखेड़ा के निजी अस्पताल में पहुंचे थे। अस्पताल प्रशासन ने कुछ जांच कराने के बाद परिवार को बताया कि बुजुर्ग एचआईवी को गया है। यह सुनते ही परिवार परेशान हो गया।
आरोप है कि अस्पताल ने मरीज की गंभीर स्थिति बताकर इलाज के नाम पर करीब दो लाख रुपये वसूल लिए। रुपये जुटाने के लिए परिवार को अपना घर तक गिरवी रखना पड़ा। परिजनों ने बुजुर्ग को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया। यहां दोबारा एचआईवी जांच कराई। अस्पताल की रिपोर्ट में बुजुर्ग की रिपोर्ट निगेटिव आई। इसके बाद परिवार ने निजी अस्पताल पर फर्जी रिपोर्ट दिखाकर ठगी करने का आरोप लगाया। पीड़ित परिवार ने अस्पताल से रुपये वापस मांगे तो उन्हें धमकियां दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कटारिया का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।