सुपरटेक पामग्रीन निवासी मोहम्मद मुर्तजा ने वारदात के संबंध में परतापुर थाने पर नागेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि एक सप्ताह पूर्व खरखौदा थाना क्षेत्र के खड़खड़ी गांव निवासी नागेंद्र होटल पर पहुंचा और उससे 20 हजार रुपये की रंगदारी की मांग की। रंगदारी देने से मना करने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
सोमवार सुबह पांच बजे नागेंद्र जीप गाड़ी से होटल पर पहुंचा और खाना व आइसक्रीम पैक कराने का आर्डर दिया। खाने का 1500 रुपये का बिल बनाकर नागेंद्र को दिया। बिल को देखकर नागेंद्र ने कांउटर पर बैठे मुर्तजा के बेटे अमान के साथ गालीगलौज शुरू कर दी। अमान ने विरोध किया तो नागेंद्र ने पिस्टल से अमान पर गोली चला दी। दाहिने पैर में गोली लगने से अमान घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर होटल में अफरा तफरी मच गई। होटल कर्मचारी एकत्र हुए, जिसके बाद आरोपी अपनी गाड़ी लेकर भाग निकला।
कर्मचारियों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने घेराबंदी कर खरखौदा रोड से आरोपी नोगेंद्र को पिस्टल के साथ पकड़ लिया। घायल हुए अमान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे लोकप्रिय अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार नागेंद्र ने तीन साल पहले दीपक होटल के बाहर स्टाल संचालक के द्वारा सिगरेट के पैसे मांगने पर फायरिंग कर दी थी। कार्यवाहक सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना का कहना है कि नागेंद्र पर पूर्व में भी बड़ौत और मेरठ के थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया गया है।