290 से गिरकर 260 पहुंचा एक्यूआई, लेकिन अभी भी सेहत के लिए ठीक नहीं, रहे सतर्क
-सुबह छाई धुंध, फिर खिला मौसम, एक्यूआई का स्तर भी गिरा
जयभीम नगर 301, पल्लवपुरम 293 दर्ज किया गया एक्यूआई
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। दिवाली के बाद पहली बार एनसीआर में मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स में राहत रही। एनसीआर में मेरठ का एक्यूआई सबसे कम दर्ज किया गया, हालांकि प्रदूषण के लिहाज से यह स्तर भी स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। शनिवार को सुबह के समय में धुंध छाई रही और फिर खिली धूप निकली। शाम को हल्की धुंध रही। दिन व रात के तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई।
एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण से राहत नहीं मिल पा रही है। दिल्ली, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, मेरठ का एक्यूआई स्तर 300 के आस पास चल रहा है, जबकि नोएडा का स्तर 300 पार है। शुक्रवार को मेरठ का एक्यूआई 290 दर्ज किया गया था, जो शनिवार को घटकर 260 के स्तर पर पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह स्तर भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और कई बीमारियों से ग्रसित कर सकता है। सुबह के समय धुंध रही और लोगों को आंखों में जल महसूस हुई। दमा रोगियों को सांस में दिक्कत महसूस हुई। चिकित्सक डॉ. दिव्यांशु सेंगर का कहना है कि बढ़ते प्रदूषण के दौरान लोग सुबह की सैर से परहेज करें और घर पर ही व्यायाम करें। जरूरी हो तो ही घर से बाहर निकले और मॉस्क लगाकर घर से निकले। शनिवार को मेरठ का एक्यूआई स्तर 260, गाजियाबाद का 299, बागपत 256, मुजफ्फरनगर 206 दर्ज किया गया। गंगानगर 227, जयभीम नगर 301, पल्लवपुरम 293, बेगमपुल 289, दिल्ली रोड 290 एक्यूआई दर्ज किया गया।
कम होगा तापमान, बढ़ेगी ठंड
शनिवार को दिन व रात के तापमान में भी थोड़ी गिरावट दर्ज की गई। मौसम में बदलाव का दौर दिखने लगा है। चौधरी चरण सिंह विवि की मौसम वैद्यशाला पर दिन का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि धीरे-धीरे दिन व रात का तापमान अब नीचे आएगा और ठंड में इजाफा होगा।