एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया सर्विलांस टीम और इंचौली पुलिस को बुधवार शाम सूचना मिली थी कि खरदौनी के जंगल में एक फैक्टरी में तमंचे बनाए जा रहे है। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दबिश दी। वहां जिम उपकरण बनाने की फैक्टरी में तमंचे बनाए जा रहे थे।
पुलिस ने फैक्टरी संचालक भाई कासिम और फरमान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। 315 बोर के 8 तमंचे, एक 312 बोर और एक मसकट बरामद की। तीन कारतूस, 15 अर्धनिर्मित तमंचे और ड्रिल व खराद मशीन समेत अन्य उपकरण भी पुलिस ने मौके कब्जे में ले लिए।
पूछताछ में कासिम और फरमान ने बताया कि अपनी जिम उपकरण बनाने की फैक्टरी में वह लोकसभा चुनावों को प्रभावित करने के लिए तमंचे तैयार कर रहे थे। अपराधी किस्म के लोगों से संपर्क कर वह एक तमंचा ढाई से तीन हजार में बेचते थे। आरोपियों का अभी तक कोई अपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। एसपी क्राइम ने बताया कि जांच में और अधिक जानकारी सामने आएगी।
पूर्व मंत्री से संबंध की उड़ी अफवाह
आरोपियों के एक पूर्व कैबिनेट मंत्री से संबंध की अफवाह भी उड़ गई। एसपी क्राइम ने स्पष्ट किया कि आरोपियों से पूछताछ और पुलिस की अभी तक की जांच में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। जांच में अन्य जानकारी सामने आएंगी।