मेरठ। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के गीजर व्यापारी आरिफ से 3.9 लाख रुपये के गीजर आर्डर कराकर मंगा लिए। इसके बाद आरोपी ने रुपये नहीं भेजे। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने जान से मारने की भी धमकी दी है। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जाकिर काॅलोनी निवासी आरिफ ने शुक्रवार को थाने पर केस दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी हापुड़ रोड पर सहारा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड वॉटर सॉल्यूशन के नाम से फर्म है। फर्म में गीजर बनाया जाता है। 25 अगस्त को उनके नंबर पर अहमदाबाद से कपिल जैन नाम के एक युवक की कॉल आई थी। आरिफ ने बताया कि उक्त व्यक्ति ने 21 हजार पीस (3.9 लाख रुपये) का आर्डर दिया था। आठ सितंबर को गीजर का आर्डर दिए गए अहमदाबाद के पते पर माल भेज दिया गया। इसके बाद आरिफ ने कपिल को फोन कर रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा था। आरिफ का आरोप है कि कपिल ने रुपये भेजने के नाम पर आना कानी की और कॉल भी उठाना बंद कर दिया। आफिस के नंबर पर कॉल की तो गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनको ठगे जाने का एहसास हुआ। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम लगा दी गई है। अहमदाबाद पुलिस से मामले को लेकर संपर्क किया जा रहा है।