घर के बाहर खड़ी थी इको वैन
लखीपुरा निवासी मोहम्मद सलीम ने बुधवार को लिसाड़ी गेट थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे वह हापुड़ रोड स्थित हमसफर पैलेस में पड़ोस के एक कार्यक्रम से लौटे थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी इको वैन बाहर खड़ी कर दी और अंदर चले गए।
सलीम के अनुसार, रात करीब 12 बजे मोहल्ले के लोगों ने वैन में आग लगी देखी। उन्होंने शोर मचाया तो सलीम और उनका परिवार घर से बाहर निकला। कुछ ही देर में मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
यह भी पढ़ें: नीला ड्रम हत्याकांड: मुस्कान को फांसी की सजा के बाद भी सील मकान नहीं खुला, मालिक ने एसएसपी से लगाई गुहार
आधे घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
वैन में आग लगने के बाद सलीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि, तब तक वैन का काफी हिस्सा जल चुका था। अचानक वाहन में आग लगने से मोहल्ले में अफरातफरी का माहौल बन गया। इसके बाद पीड़ित ने घटना की वजह और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की।
सीसीटीवी में चार युवक दिखने का दावा
पीड़ित मोहम्मद सलीम ने बताया कि पास के मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चार युवक वैन में आग लगाते दिखाई दिए। उन्होंने फुटेज के आधार पर दो युवकों की पहचान करने का दावा किया है। सलीम ने पुलिस से चारों आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, युवकों पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
तहरीर के आधार पर जांच कर रही पुलिस
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और शिकायत में बताए गए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।