मेरठ में नजरबंद किए गए योगेश वर्मा
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ के मोदीपुरम में समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व विधायक योगेश वर्मा को बुधवार को दिल्ली जाने से पहले उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया। वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित पेपर लीक विरोधी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अपनी टीम के साथ रवाना होने वाले थे। पुलिस की कार्रवाई की जानकारी योगेश वर्मा ने स्वयं सामाजिक माध्यम के जरिये दी।
आवास से बाहर निकलने से रोका
योगेश वर्मा ने आरोप लगाया कि वह शांतिपूर्ण प्रदर्शन के समर्थन में दिल्ली जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पल्लवपुरम फेज-वन स्थित आवास से बाहर नहीं निकलने दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें घर पर ही नजरबंद कर दिया।
पूर्व विधायक ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और किसी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने से रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
बोले- पेपर लीक से प्रभावित युवाओं के साथ सपा
योगेश वर्मा ने कहा कि पेपर लीक से प्रभावित युवाओं की न्याय की लड़ाई में समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के सभी नेता युवाओं के साथ हैं। उन्होंने कहा कि उनका पूरा समर्थन जंतर-मंतर पर न्याय की मांग कर रहे युवाओं के साथ है। उन्होंने कहा कि अवसर मिलने पर वह जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के समर्थन में अपनी आवाज उठाएंगे।