जन विश्वास यात्रा दौराला व लावड़ पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में स्वागत की होड़ लगी रही। दौराला में स्वागत करने को लेकर पहले कार्यकर्ता भिड़े तो उसके बाद रथ पर चढ़ने को लेकर सरधना विधायक व पूर्व जिलाध्यक्ष आपस में भिड़ गए। रथ पर मौजूद अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने किसी तरह दोनों को शांत कराया। वहीं, लावड़ कस्बे में स्वागत के दौरान यहीं हाल रहा।
सरधना विधानसभा सीट पर पूर्व जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा व पूर्व विधायक के पुत्र उत्कृष पुंडीर भी दावेदारी कर रहे है। दौराला में शिवकुमार राणा व लावड़ में उत्कृष पुंडीर को जन विश्वास यात्रा के स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। यात्रा जैसे ही दौराला पहुंची तो शिवकुमार राणा के समर्थकों ने स्वागत करना शुरू किया। इसी बीच विधायक संगीत सोम के कुछ समर्थक भीड़ में घुस गए और दोनों के समर्थकों आपस में भिड़ गए।
रथ पर चढ़ने के दौरान सरधना विधायक संगीत सोम व शिवकुमार राणा में जमकर बहस हुई। दोनों को भिड़ता देख अध्यक्ष मोहित बेनीवाल को बीच बचाव में आना पड़ा। तब जाकर मामला शांत हुआ। इसके बाद यात्रा लावड़ पहुंची। जहां, उत्कृष पुंडीर ने स्वागत किया।