जमालुद्दीन के बेटे सलमान जलाल ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके पिता के भाई हाजी बिलाल का पत्नी नाजमा से विवाद चल रहा था। चार मई 2022 को बिलाल की गाजियाबाद के लोनी में हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने बिलाल की पत्नी नाजमा को जेल भेजा था। इस मुकदमे की पैरवी जलालुद्दीन और उसका भाई ग्यासुद्दीन कर रहे हैं।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ताई नाजमा जेल से आने के बाद मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मरवाने की धमकी दे रही थी। इस मामले में नाजमा, सलीम खान, अमन, आमिल, फाजिल, समीर, अज्जू और अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने नाजमा समेत कई आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के साथ आरोपियों की मोबाइल लोकेशन भी देखी जा रही है।
चाय की दुकान पर युवक को गोली मारी
मंगलवार देर रात लिसाड़ी गेट के किदवाई नगर में इस्लामाबाद निवासी इमरान पुत्र अब्दुल रहीस कांच का पुल स्थित आमिर की दुकान पर बैठकर चाय पी रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने इमरान को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। कंधे में गोली लगने से इमरान घायल हो गया। व्यापारियों ने बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया तो वह फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इमरान को हापुड़ रोड स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घायल से पूछताछ की मगर उसने किसी प्रकार की रंजिश या हमलावरों को पहचानने से इंकार कर दिया। सीओ कोतवाली अमित कुमार राय का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से बदमाश की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।