दौराला पुलिस ने बुधवार देर रात तीन गोदामों पर छापा मारकर करीब 50 लाख रुपये की कीमत के पटाखे पकड़े हैं। भारी मात्रा में पटाखे मिलने पर पुलिस भी हैरान रह गई। देर रात तक पुलिस पटाखों की गिनती कराने में लगी रही। काफी संख्या में व्यापारी भी थाने पर जमा थे।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि दौराला थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर को बुधवार देर रात दौराला कस्बे में अलग-अलग जगहों पर तीन गोदामों में भारी मात्रा में पटाखे रखे होने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर पुलिस ने तीन टीम बनाकर एक साथ तीनों गोदामों पर छापा मारा। तीनों गोदाम से पटाखों को चार डीसीएम में भर कर जब्त किया गया। एसपी ने बताया कि पटाखों की बाजार के हिसाब से कीमत लगभग 50 लाख रुपये है। गोदाम मालिकों का पता लगाया जा रहा है। मौके से दो मजदूर मिले हैं। पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर गिनती शुरू कर दी। इस मौसम में पटाखे कहां से आए, इसको लेकर भी पुलिस जांच में जुट गई है। उधर, काफी संख्या में व्यापारी थाने पहुंचे। उनका कहना था कि शादी विवाह आदि समारोह के लिए पटाखे मंगवाए गए हैं, जिनकी लगातार बिक्री होती है।
बारूद के ढेर पर बैठा दौराला
दौराला में प्रतिवर्ष दीपावली के समय भारी मात्रा में पटाखे पकड़े जाते हैं। इस बार भी अलग-अलग जगहों से पुलिस ने पटाखे बरामद किए। सवाल यह उठता है कि यह पटाखे दीपावली के समय लाए गए थे या अभी से स्टॉक किया जा रहा था। दोनों ही सूरत में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है कि गश्त के बावजूद इतनी भारी मात्रा में पटाखे यहां तक कैसे पहुंचे। शब-ए-बरात में भी 15 दिन का समय है। इस पर्व पर भी पटाखे छोड़े जाते हैं।