मोहित की फाइल फोटो और जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ स्थित सरूरपुर थाना क्षेत्र के कस्बा करनावल निवासी मोहित (36) पुत्र कुशलपाल ने मानिसक तनाव, आर्थिक तंगी और गृह क्लेश के चलते सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मोहित शराब पीने का आदी था। जबकि परिजन उसे शराब पीने से रोकते थे। इसके लेकर उसका परिजनों से विवाद चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मोहित शुक्रवार को बाजार से सामान लेकर पहुंचा तो किसी बात को लेकर उसकी परिजनों से कहासुनी हो गई। इसके बाद उसने तमंचे से सिर में गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। गोली की आवाज से मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर सीओ सरधना आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
मृतक के परिजनों ने बताया कि मोहित शराब पीने का आदी था। पिछले करीब डेढ़ महीने से उसकी शराब पीने की आदत बढ़ गई थी। वह प्रतिदिन घर में झगड़ा करता था। परिजनों ने उसे शराब पीने से रोकने का प्रयास किया तो इसी बात को लेकर उसका परिजनों से विवाद चल रहा था। शुक्रवार शाम को वह शराब पीकर घर आया था। इसी बीच उसकी परिजनों से फिर कहासुनी हो गई।
इसके बाद उसने तमंचे से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में आत्महत्या सामने आया है। मृतक के हाथ में से ही पुलिस ने तमंचा बरामद किया है। हालंकि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच कर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
मोहित की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घर में पत्नी सरिता और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहित की शादी करीब 18 वर्ष पहले सरिता के साथ हुई थी। वह विरासत में मिली खेती की जमीन पर कृषि कार्य कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी 16 वर्षीय बेटी नंदनी और 14 वर्षीय बेटा देवव्रत है। दोनों बच्चे अभी पढ़ाई कर रहे हैं।
पत्नी सरिता कभी पति को याद कर बिलख पड़ती है तो कभी बच्चों को सीने से लगाकर रोने लगती है। वहीं, नंदनी और देवव्रत को अभी तक यकीन नहीं हो पा रहा कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे।
ये भी देखें...
यूपी: बिजनौर में कसौंदी की फली खाने से दो बच्चियों की मौत, तीसरी की हालत गंभीर; नदी किनारे से तोड़कर खाई थीं