लोहियानगर थाना क्षेत्र में रविवार रात दुकान पर बैठे दो बच्चों अर्श (10) और अनुष (12) पर उधार सामान न देने पर कई लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चों के पिता ने महिला समेत छह लोगों को नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।
समर गार्डन निवासी गुलजार के बेटे अर्श और अनुष रविवार रात अपनी किराना की दुकान पर बैठे थे। तभी पड़ोस में रहने वाले अमन और अयान दुकान पर पहुंचे और उधार सामान मांगने लगे। अर्श और अनुष ने उधार देने से मना कर दिया। इस पर अमन ने ईंट उठाकर अनुष के सिर में दे मारी। वह लहूलुहान हो गया। अर्श ने इसका विरोध किया तो अयान ने अपने घर आवाज लगाकर परिजनों को बुला लिया।
अमन के भाई फैजान, रिहान व अम्मी मोबीना, चाचा शुऐब और तीन अज्ञात लोग आए और अर्श व अनुष पर ईंट और चाकू से हमला कर दिया। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। गंभीर हालत में दोनों बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।