पुलिस और ड्रग विभाग ने छापा मारा तो संचालक समेत सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इस खेल में सप्लायर से लेकर दुकानदारों तक के शामिल होने की आशंका है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सरधना थाने की पुलिस और ड्रग्स विभाग ने मेरठ रोड पर एक गोदाम से करीब 20 लाख रुपये कीमत की एलौपैथिक व जेनेरिक एक्सपायर दवाएं बरामद की हैं। प्रिंटिंग मशीन के जरिये रेपर पर तारीख बदलकर इन्हें बेचा जाता था। गोदाम संचालक और कर्मचारी वहां से भाग गए। दवाओं को सीज कर दिया गया है।
विज्ञापन
बरामद की गई एक्सपायर्ड दवाएं।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस और ड्रग्स विभाग की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन दवाओं को अंपजीकृत चिकित्सकों और मेडिकल स्टोरों पर बेचा जाता था। किन्हें बेचा जाता था, दवाएं कहां से आती थीं। इसकी पड़ताल की जा रही है। जांच के लिए एंटीबायोटिक्स दवाओं के तीन सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
जांच करती ड्रग विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सरधना कस्बा चौकी पुलिस को सूचना मिली कि मेरठ रोड पर एक गोदाम में दवाओं का अवैध कारोबार किया जा रहा है। चौकी प्रभारी दिलीप वाथम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनसे पहले ही संचालक और कर्मचारी वहां से भाग गए। पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गोदाम नाजिम निवासी मोहल्ला इस्लामाबाद का है।
प्रिंटिंग मशीन मिली, कई लोग हैं शामिल
यहां एक्सपायर हो चुकी दवाओं को लाकर उनकी तारीख बदलकर बेचा जाता था। करीब 20 लाख कीमत की दवाएं यहां मिली हैं। तारीख डालने वाली प्रिंटिंग मशीन मिली है। दवाओं का बिल नहीं मिला है।
गोदाम में सप्लाई लिए तैयार किया गया माल।
- फोटो : अमर उजाला
नामी कंपनियों की हैं दवाएं
पुलिस ने बताया कि एक्सपायर हो चुकी बरामद दवाएं नामी कंपनियों की हैं। ये दवाएं दिल, गुर्दे, बुखार, खांसी, जुकाम आदि बीमारियों में इस्तेमाल होती हैं। मौके पर मिली प्रिंटिंग मशीन से स्पष्ट हुआ कि यहां दोबारा पैक करने और नया लेबल लगाने के बाद दवाओं को बाजार में बिक्री के लिए उतार दिया जाता है। यह धंधा काफी समय से चलने का अंदेशा भी जताया जा रहा है।
एक्सपायर दवाओं को स्टोर करना नियम विरुद्ध
मंडलीय औषधि निरीक्षक गौरव लोधी और औषधि निरीक्षक पीयूष शर्मा ने बताया कि एक्सपायर दवाओं को स्टोर करना नियम विरुद्ध है। इस साल ड्रग्स विभाग मानकों के विरुद्ध दवाओं को बेचने के 30 मुकदमे दर्ज करा चुका है। इस दौरान ड्रग्स इस्पेक्टर प्रियंका चौधरी और मोहित कुमार भी साथ रहे।