मोदीनगर के थाना भोजपुर शेदपुर गांव निवासी शहजाद पुत्र इस्तेयाक पशु व्यापारी हैं। बुधवार दोपहर शहजाद महरौली गांव में पशु खरीदने के लिए गए थे। वापस आते समय महरौली बाग के पास केटीएम बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे के बल पर ईख के खेत में ले गए।
बदमाशों ने शहजाद से 27 हजार रुपये और उसका मोबाइल फोन लूट लिया। उसके हाथ-पैर बांधकर ईख के खेत में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह बंधन मुक्त होने के बाद शहजाद ने पुलिस को सुचना दी।
बृहस्पतिवार रात परतापुर पुलिस महरौली बंबे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान केटीएम बाइक पर पुलिस को तीन युवक आते दिखे। पुलिस को देखकर तीनों बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में प्रिंस पुत्र भीम सिंह निवासी चौहान पुरी, थाना टीपीनगर गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए सीएचसी भूड़बराल भेजा और अन्य दो बदमाशों को परतापुर थाने ले आई। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि पकड़े गए आरोपी प्रिंस पुत्र भीम सिंह निवासी चौहानपुरी थाना टीपी नगर, विकास पुत्र तिलक चंद निवासी विकासपुरी थाना टीपीनगर आशु पुत्र अशोक निवासी शिवपुरम थाना टीपीनगर हैं। बदमाशों के पास से लूट के 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।