राधा गार्डन में दो भाई रविंद्र कुमार शर्मा और देवेंद्र कुमार शर्मा रहते हैं। यहां प्रवर्तन निदेशालय की टीम बुधवार सुबह से देर रात तक छानबीन करती रही। छापा किसलिए मारा गया, इसकी अधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है।
गंगानगर के राधा गार्डन स्थित मकान पर बुधवार को ईडी की टीम ने छापा मारा। टीम यहां सुबह नौ बजे से लेकर देर रात तक छानबीन करती रही। पता चला कि इस मकान में रहने वाले दो भाई रविंद्र कुमार शर्मा और देवेंद्र कुमार शर्मा का टोल से संबंधित कारोबार है। आशंका जताई जा रही है कि ईडी की टीम देश के अन्य राज्यों की तरह यहां भी फर्जी तरीके से टोल वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
विज्ञापन
ईडी की टीम की कार।
- फोटो : अमर उजाला
ईडी की लखनऊ जोनल टीम बुधवार सुबह तीन वाहनों में सुरक्षाकर्मियों के साथ राधानगर स्थित मकान में पहुंची। यहां दोनों भाई परिवार के साथ रहते हैं। इनकी एक स्टोन कंपनी भी बताई जा रही है। टीम ने मकान के अंदर दाखिल होकर अंदर से गेट बंद कर लिया और किसी को नहीं आने दिया और न किसी को बाहर जाने दिया।
टीम ने मकान की दोनों मंजिलों पर रखे गए रिकॉर्ड और फाइलें खंगालीं। जानकारी मिली कि कार्रवाई के दौरान देवेंद्र शर्मा और परिवार के अन्य सदस्य बाहर घूमने गए हुए थे। जबकि रविंद्र कुमार शर्मा और उनकी पत्नी घर में मौजूद रहीं। टीम ने उनसे पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि ईडी की टीम ने बुधवार को देश के विभिन्न राज्यों में टोल संचालकों और ठेकेदारों के ठिकानों पर छापा मारकर छानबीन की है। टीम को शिकायत मिली थी कि फर्जी या अनधिकृत सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर नकली टोल रसीदें जारी कर एनएचएआई को राजस्व की क्षति पहुंचाई जा रही थी। इस सूचना पर टीम ने कई राज्यों में कार्रवाई की है।
गंगानगर में की गई कार्रवाई को भी इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। एसपी देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि ईडी की टीम ने पुलिस को कार्रवाई के संबंध में सूचना नहीं दी, इसलिए इस पर टिप्पणी नहीं की जा सकती।