शहर में 11 स्थानों पर शनिवार को दशहरा मेला होगा। श्रीराम अग्नि बाण चलाकर रावण का अंत करेंगे। सभी मेला समितियों ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। छावनी रामलीला कमेटी के महामंत्री गणेश अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को दशहरा के दिन रामलीला में सबसे बड़ा आकर्षण होगा। एक तरफ 75 ड्रोन की मदद से आकाश में राम रावण का युद्ध चल रहा होगा। दूसरी तरफ रामानंद सागर की रामायण में श्रीराम का किरदार निभा चुके सांसद अरुण गोविल अग्नि बाण चलाकर रावण का अंत करेंगे।
शहर में सदर भैसाली ग्राउंड, दिल्ली रोड रामलीला ग्राउंड, जिमखाना मैदान, प्रह्लादनगर, शास्त्रीनगर, सूरजकुंड, जेलचुंगी, तोपखाना फुटबॉल ग्राउंड, रजबन फुटबॉल ग्राउंड, कसेरूरखेड़ा रामलीला ग्राउंड, कंकरखेड़ा मार्शल पिच पर दशहरा मेले का आयोजन होगा। शहर रामलीला कमेटी जिमखाना के द्वारा दिल्ली रोड स्थित रामलीला ग्राउंड में मेला आयोजित होगा और रावण का पुतला दहन किया जाएगा।
प्रवक्ता विपुल सिंघल ने बताया कि पूर्व के वर्षों में जिमखाना के आसपास रहने वाले लोग दशहरा मेले से वंचित रह जाते थे। ऐसे में इस बार जिमखाना मैदान बड़ी स्क्रीन पर दिल्ली रोड रामलीला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम को लाइव दिखाया जाएगा। पहली बार दोनों स्थानों पर मेला लगाया जाएगा।
वहीं, रजबन रामलीला कमेटी से जुड़े राजेश सेठी ने बताया कि रामलीला में श्रीराम और रावण का युद्ध बहुत ही सुंदर ढंग से दिखाया जाएगा। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद राम और रावण युद्ध करते रजबन की सड़कों से गुजरेंगे।
वहीं, सूरजकुंड रामलीला व मेला संयोजक विवेक वाजपेयी ने बताया कि इस बार दशहरा मेले को भव्य रूप दिया गया है। बाबा मनोहरनाथ मंदिर से सूरजकुंड पार्क तक मेला लगाया जाएगा। रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन होगा। कंकरखेड़ा व्यापार संघ अध्यक्ष नीरज मित्तल ने बताया कि मेले में इस बार साउथ इंडियन, चाइनीज के साथ विभिन्न तरह के खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए जाएंगे। मार्शल पिच पर राम रावण के युद्ध के बाद पुतला दहन होगा।