Meerut News: शॉप्रिक्स सिनेमा हॉल में बुधवार को जॉली एलएलबी 3 का प्रमोशन किया गया। अक्षय कुमार, अरशद वारसी, सौरभ शुक्ला समेत फिल्म से जुड़े लोग पहुंचे। अक्षय ने कहा कि मेरठ आए हैं तो नानखताई जरूर खाएंगे।
जॉली एलएलबी-3 के प्रमोशन के लिए फिल्म की स्टारकास्ट बुधवार को मेरठ स्थित शॉप्रिक्स मॉल के वेव सिनेमा में पहुंची। यहां अक्षय कुमार, अरशद वारसी और सौरभ शुक्ला ने फिल्म का ट्रेलर लांच किया। अक्षय कुमार को देखने के लिए घंटों लोगों ने यहां उनका इंतजार किया। वह करीब सवा चार बजे मॉल में पहुंचे।
अक्षय ने मेरठ की तारीफ की और घंटाघर का जिक्र करते हुए यहां से नानखताई ले जाने की बात कही। उनके साथ साथी कलाकर अरशद वारसी, जज का किरदार निभाने वाले सौरभ शुक्ला, फिल्म के निर्देशक सुभाष कपूर, निर्माता अजीत अंधारे भी मौजूद रहे। वह करीब 20 मिनट यहां रुके, इस दौरान अक्षय कुमार ने मेरठ वासियों की तारीफ करते हुए पूरी महफिल ही लूट ली।
अक्षय कुमार और अरशद वारसी की फिल्म जॉली एलएलबी-3 सिनेमाघरों में 19 सितंबर को रिलीज हो रही है। फिल्म में अरशद वारसी मेरठ के जॉली त्यागी और अक्षय कुमार कानपुर के जॉली मिश्रा का किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म के ट्रेलर को लांच करने के लिए बुधवार को फिल्म की स्टारकास्ट मेरठ पहुंची।
कार्यक्रम को लेकर पुलिस की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था का पूरा इंतजाम किया गया। अक्षय कुमार और उनकी टीम करीब 20 मिनट तक यहां रही। इस दौरान अक्षय ने कहा कि जॉली एलएलबी मेरठ के बिना अधूरी है। पहली फिल्म में अरशद वारसी का मेरठ से नाता रहा था। अरशद ने कहा कि मेरठ से उन्हें काफी प्यार मिला है। इस दौरान अक्षय कुमार और अरशद वारसी समेत सभी का जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद फिल्म का ट्रेलर लांच हुआ, ट्रेलर देखते ही तालियों की आवाज से पूरा हॉल गूंज उठा।
इसके लिए फिल्म के कलाकारों ने मेरठ की पब्लिक का धन्यवाद किया। फिल्म के सभी कलाकारों ने पत्रकारों से भी वार्ता की और उनके सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। अक्षय कुमार ने मेरठ की नानखताई और घंटाघर का भी जिक्र किया, जिसके लिए मेरठ जाना जाता है। वह और उनकी टीम बुधवार सुबह पहले कानपुर पहुंचे थे इसके बाद दोपहर में वह मेरठ पहुंचे। यहां से वह शाम के समय मुंबई के लिए निकल गए।
अक्षय को भेंट किया रोड सेफ्टी का स्लोगन
फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार रोड सेफ्टी ब्रांड एंबेस्डर हैं। इस दौरान मिशिका रोड सेफ्टी क्लब की ओर से उन्हें एक स्लोगन रॉड भेंट की गई। अक्षय ने भी इस मौके पर उनकी सराहना की। एसपी सिटी राघवेंद्र कुमार मिश्रा, मिशिका के संस्थापक डॉ. अमित नागर, संजय गोयल, नागेंद्र तोमर आदि मौजूद रहे।