injured, baghpat news, meerut medical
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के बागपत शहर निवासी युवक सद्दाम की गोली निकाले बगैर ही मेरठ मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कर देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी छुट्टी कर दी। हायर सेंटर रेफर नहीं किया। परिजन घायल को बागपत जिला अस्पताल ले आए, वहां भी उसे इलाज नहीं दिया गया। इससे बाद परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
कोर्ट रोड हनुमान वाली गली निवासी तौफीक ने बताया कि शनिवार रात उसके भाई सद्दाम को घर में घुसकर गोली मार दी गई थी। देररात बागपत सीएचसी से उसे मेरठ मेडिकल रेफर किया गया था।
आरोप है मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने सद्दाम की पीठ में लगी गोली निकाले बिना ही डिस्चार्ज कर दिया। इसे लेकर वहां हंगामा भी हुआ। तौफीक ने बताया कि मेडिकल से निकाले जाने के बाद घायल सद्दाम को करीब 12 बजे बागपत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां भी उपचार नहीं दिया गया। तौफीक ने कहा कि वह मामले की शिकायत डीएम से करेगा।
युवक को बागपत के जिला अस्पताल और मेरठ मेडिकल में अच्छा उपचार दिया गया है। घायल की जान को कोई खतरा नहीं है।
-डॉ. बीएल कुशवाह, सीएमएस, जिला अस्पताल, बागपत
मरीज की हालत ठीक थी। एक्सरे और ऑक्सीजन रिपोर्ट के आधार पर उसे डिस्चार्ज किया गया। एक्सरे में गोली की पुष्टि नहीं हुई थी।
- डॉ. हर्षवर्धन, ईएमओ, मेडिकल कॉलेज, मेरठ