मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर आवाजाही शुरू होने के बाद अब मेरठ से दिल्ली जाने वाले लोगों के लिए तीन रास्ते हो गए हैं। अब वाया हापुड़, वाया मोदीनगर के अलावा एक्सप्रेसवे का रास्ते का तीसरा विकल्प बन गया है। इससे मोदीनगर और मुरादनगर में यातायात का दबाव कम होने के साथ-साथ प्रदूषण भी घटेगा। एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट और कश्मीरी गेट बस अड्डा जाने वालों को काफी राहत मिलेगी।
एयरपोर्ट जाने के लिए पहले सराय काले खां के रास्ते जान मेरठ से पांच घंटे लगते थे।अब दो घंटे लगेंगे। इसके अलावा दिल्ली जाने के लिए भी आम लोगों के पास कई वैकल्पिक रास्ते हो गए हैं। इससे सबसे अधिक लाभ उन व्यापारियों को होगा, जो प्राय: दिल्ली जाते हैं और हवाई यात्राएं करते हैं।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा का कहना है कि मेरठ हैंडलूम, पावरलूम, खेल, सोना-चांदी, रेवड़ी-गजक आदि के कारोबार का हब है। एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद 50 मिनट में दिल्ली का सफर पूरा होने से कोने-कोने से व्यापारी मेरठ आएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को प्रोजेक्ट पूरा होने पर धन्यवाद भी दिया।
लोग बोले
एक्सप्रेसवे शुरु होने से जाम से राहत मिली है। मोदीनगर में निकलने में एक घंटा लग जाता था।
- सचिन शर्मा
काफी राहत मिली है। अब फर्राटा भरते हुए इससे दिल्ली पहुंच जाएंगे। जाम से भी राहत मिलेगी।
- राजकुमार
पहले एयरपोर्ट जाने में पांच घंटे लग जाते थे। अब इससे आसानी से दो घंटे में पहुंच जाएंगे।
- रामकुमार
आम लोगों के साथ व्यापारियों को आने जाने में राहत मिलेगी। दिल्ली के लिए तीन रास्ते हो गए हैं।
- बंटी पंडित