फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ: दोस्त की विधवा भाभी से प्यार करने की सजा मौत, चादर से गला घोंटकर मारा, पांच भेजे जेल; ये है पूरी कहानी

Wed, 23 Sep 2026 05:30 PM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

मेरठ के खरखौदा स्थित गांव चंदपुरा में सुमित का प्रेम प्रसंग अपने दोस्त अरविंद की विधवा भाभी से चल रहा था। इसका पता चलने पर अरविंद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुमित की हत्या कर दी। पुलिस ने इस घटना का खुलासा करते हुए परिजनों के सामने क्राइम सीन दोहराया। 
विज्ञापन
सुमित की फाइल फोटो और घटनास्थल। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दोस्त की विधवा भाभी से प्रेम प्रसंग के चलते चंदपुरा निवासी सुमित की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो और आरोपियों सिंटू और ऋतिक उर्फ लाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले सुमित की हत्या की और फिर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए पानी की टंकी के कमरे में चादर के फंदे से लटका दिया। बाद में शव को ठिकाने लगाने के लिए स्कूटी से ले जाते समय टायर फटने पर शव को नलकूप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चादर और कंबल बरामद किए हैं।
विज्ञापन

 

बुधवार को गिरफ्तार किए गए दो और आरोपी। - फोटो : अमर उजाला
प्रेम प्रसंग और हत्या 
गांव चंदपुरा निवासी ईश्वर सिंह का बेटा सुमित खेती-बाड़ी के साथ किराये पर ट्रैक्टर चलाकर खेतों की जोताई करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि उसका अपने दोस्त अरविंद की विधवा भाभी चंचल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब 20 दिन पहले परिवार के लोगों ने चंचल को सुमित से फोन पर बातचीत करते पकड़ लिया था, जिसके बाद उसका मोबाइल तोड़ दिया गया था। पुलिस के अनुसार, सुमित ने बाद में चंचल को दोबारा फोन उपलब्ध कराया, जिससे दोनों के बीच बातचीत जारी रही।
 

पानी की टंकी पर रुका था सुमित
पुलिस के मुताबिक, नौ सितंबर को सुमित घर से निकलने के बाद गांव के बाहर पानी की टंकी पर रहने वाले सिंटू के पास पहुंचा। रात में वहीं रुकने के बाद वह सिंटू की स्कूटी लेकर पड़ोसी गांव तलहेटा पहुंच गया और अगले दिन भी वापस नहीं आया। सिंटू उसे तलाशने के लिए बाइक से तलहेटा पहुंचा और वापस ले आया। इसके बाद भी सुमित घर जाने के बजाय टंकी पर ही सिंटू के साथ रहा। इसी दौरान अरविंद और प्रिंस उसकी तलाश में जुटे थे। 

पुलिस के अनुसार, अरविंद, प्रिंस और उनके साथियों ने सिंटू को लालच देकर अपने साथ मिला लिया। टंकी के कमरे में सुमित को जहर देने के बाद चादर का फंदा बनाकर उसे जंगले पर लटका दिया गया। घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने योजना बदली और वहां से निकालकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
 

स्कूटी का टायर फटने पर नलकूप के पास छोड़ा शव
सिंटू ने घटना की जानकारी अपने दोस्त धनतला निवासी ऋतिक उर्फ लाल सिंह को दी। रात में दोनों ने सुमित के शव को स्कूटी पर लादा और तलहेटा के गंदे नाले में फेंकने के लिए जंगल के रास्ते निकल पड़े। रोहतास के नलकूप के सामने पहुंचते ही स्कूटी का टायर फट गया। इसके बाद दोनों शव को वहीं छोड़कर वापस लौट गए। सुमित का मोबाइल भी तलहेटा के गंदे नाले में फेंक दिया गया।
पुलिस ने बुधवार को सिंटू और ऋतिक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। इससे पहले मामले में अरविंद और सुमित पुत्र बिजेंद्र को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि प्रिंस ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।
 
विज्ञापन

पुलिस ने परिजनों को समझाई पूरी घटना
सीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर टंकी के कमरे को देखा और आत्महत्या का रूप देने के लिए दरवाजा अंदर से बंद किए जाने की स्थिति की जांच की। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चादर और कंबल भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाकर घटनाक्रम की जानकारी दी और पूरी घटना से अवगत कराया।

ये भी देखें...
मेरठ: रेलवे ट्रैक किनारे मिला भ्रूण, जांच में सामने आया गर्भपात के दौरान महिला की मौत का मामला
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें