शनिवार सुबह उलधन गांव के जंगल में लहूलुहान अवस्था में मिले एक युवक के शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी। पुलिस ने जांच में युवक की जेब से मिली डायरी में लिखे मोबाइल नंबर और आस-पास के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले लेकिन युवक की पहचान का कोई सुराग नहीं मिल सका है। आज पुलिस शव का अंतिम संस्कार कराएगी।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र के जंगल में सर्विस रोड पर गांव के हरनाम के खेत के पास युवक की लाश मिली थी। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी गई है। उसके चेहरे पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। शव की हालत देखकर युवक को पहचानना मुश्किल हो रहा था। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। हो सकता है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया हो।