सूदखोर से परेशान युवक ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की। पीड़ित ने बताया कि सूदखोर के कारण उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई और तलाक का नोटिस भिजवा दिया। युवक का कहना है कि उसने आरोपी से कुछ दिन पूर्व एक गाड़ी खरीदी थी लेकिन पूरे पैसे देने के बाद भी वह उसके नाम नहीं कर रहा है। आरोपी ने उसकी पत्नी के नाम पर कुछ चेक लिए हुए हैं और उसको फोन कर परेशान कर रहा था।
पंकज रस्तोगी ने बताया कि उसकी बालाजी ट्रेडर्स के नाम से सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सूर्य नगर में दुकान है। उसने सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी युवक से आई 10 कार खरीदी थी। कार की किस्त 20 हजार रुपए प्रति माह के हिसाब से तय हुई थी। युवक ने स्टांप पर लिखवाया था कि अगर क्रेता कार की किस्त एक साथ जमा कर देता है तो वह गाड़ी को आरटीओ ऑफिस पहुंचकर उसके नाम ट्रांसफर कर देगा।
पंकज ने बताया कि उसने कार की पांच किस्त जमाकर दी और बाकी एक लाख रुपए का इंतजाम कर उसके पास पहुंचा और कार को अपने नाम कराने के लिए कहा लेकिन आरोपी अपनी बात से मुकर गया। आरोपी ने उसकी पत्नी के नाम पर कुछ चेक भी ले रखे हैं। वह पत्नी को फोन कर परेशान कर रहा था। इसके चलते पत्नी मायके चली गई और तलाक का नोटिस भी भिजवा दिया।
आरोपी कुछ समय पूर्व उसके साथ लूटपाट और मारपीट कर चुका है, जिसकी शिकायत पुलिस से करने पर समझौता हुआ था। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने पीड़ित को मामले में सिविल लाइन पुलिस को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिए हैं।
प्लॉट बेचने के नाम पर 21 लाख हड़पे
दिल्ली रोड निवासी अखिल कुमार जैन ने टीपीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसने हनी गोल्फ कॉलोनी निवासी स्वराज अग्रवाल से 800 गज का प्लॉट 10 हजार रुपये प्रति गज की दर से खरीदना तय किया था और बतौर पेशगी 21 लाख रुपये नकद दिए थे। जब रजिस्ट्री का समय आया तो स्वराज अग्रवाल ने इससे इंकार कर दिया। उसने 21 लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने देने से मना कर दिया। एक अक्तूबर की शाम उसके पास व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि स्वराज अग्रवाल से पैसे मांगे तो जान से मार देंगे।
करनावल के मंदिर से घंटे, शेषनाग चोरी
थाना सरूरपुुर क्षेत्र के कस्बा करनावल के बंगले वाले मंदिर से घंटे व शेषनाग चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह पूजा के लिए पहुंचने पर पुजारी को चोरी का पता चला। पुजारी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी।
वहीं, सरधना के छबड़िया मोड़ के पास स्थित शिव मंदिर से भी चोरों ने हजारों का सामान चोरी कर लिया है। कस्बा करनावल के बंगले वाले मंदिर के पुजारी बसवराज गिरी ने बताया कि बुधवार सुबह वह पूजा करने पहुंचे तो मंदिर में वैष्णो देवी मंदिर व बजरंग बली के मंदिर से एक-एक घंटा व बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर स्थापित शेषनाग गायब मिला। पुजारी ने मंदिर कमेटी के अध्यक्ष लोकेश कुुमार को इसकी जानकारी दी। मंदिर में चोरी की जानकारी मिलने पर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने हंगामा करते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि मंदिर के पुजारी पर कुछ दिन पूर्व बदमाशों ने हमला करते हुए मोबाइल व नकदी लूट लिए थे। वहीं, सरधना के छबड़िया मोड पर स्थित शिव मंदिर में भी मंगलवार की रात चोरों ने हजारों का सामान चोरी कर लिया। कमेटी के पदाधिकारियों ने तहरीर देते हुए खुलासे की मांग की।
छह वर्षीय सौतेली बेटी से अश्लील हरकत, पत्नी का दहेज के लिए उत्पीड़न
सौतेले पिता ने छह वर्षीय सौतेली बेटी के साथ अश्लील हरकत की। दहेज के लिए भाई के साथ मिलकर पत्नी का उत्पीड़न किया। पत्नी की शिकायत पर खरखौदा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खरखौदा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी जून 2022 में बुलंदशहर जिले के एक गांव निवासी ब्रिजेश के साथ हुई थी। यह महिला की दूसरी शादी थी। पहली शादी से उसकी छह वर्ष की पुत्री है।
आरोप है कि शादी के बाद पति ब्रिजेश और देवर दहेज में 10 लाख रुपये और कार की मांग करते हुए उसका उत्पीड़न करने लगे। पति उसकी पहले शादी से हुई बेटी से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करता था। विरोध करने पर मारपीट करता था। काफी समय तक उनका मामला परिवार परामर्श केंद्र में भी चला। लेकिन उसमें भी समझौता नहीं हुआ। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुठभेड़ में गोली लगने से दो गोतस्कर घायल
बुधवार तड़के इंचौली से खरदौनी जाने वाले रास्ते पर मुठभेड़ में दो गोतस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन आरोपी भाग निकले। पुलिस ने गोकशी करने के उपकरण व तीन गोवंश को बरामद किया।
थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि बुधवार तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि इंचौली से खरदौनी आने वाले रास्ते पर गोकशी की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलने पर इंचौली व लावड़ पुलिस ने घेराबंदी की तो गोस्तकरों ने पुलिस पर फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में ऊंचा सद्दीकनगर निवासी इरफान व श्यामनगर थाना लिसाड़ीगेट निवासी अरशद पैर में गोली लगने से घायल हो गए। इनके तीन साथी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, पांच कारतूस, तीन छुरे, कुल्हाड़ी, दांव, रस्सी, बाइक, तीन गोवंश बरामद किए। पुलिस ने घायल गोस्तकरों को अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
गोदाम में खड़े ट्रक का ओवरलोड में चालान
व्यापारी के गोदाम पर खड़े मार्बल से भरे ट्रक को पकड़कर आरटीओ में बंद करने और चालान काटने के विरोध में ट्रांसपोर्टर्स ने आरटीओ पहुंचकर हंगामा किया और आरटीओ प्रवर्तन राजकुमार सिंह से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो ट्रांसपोर्टर्स आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
इस दौरान ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने आरोप लगाया कि प्राइवेट ट्रांसपोर्ट अधिकारी ट्रक संचालकों का उत्पीड़न कर रहे हैं। नियमानुसार अगर कोई गाड़ी खड़ी है तो आरटीओ उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकते, इसके बाद भी पीटीओ संजय ने ट्रक को व्यापारी के गोदाम से खींचकर ओवरलोड, हॉर्न, ड्राइवर के सीट बेल्ट न पहनने और फोन पर बात करने का आरोप लगाते हुए चालान काट दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक या दो क्विंटल सामान ओवर लोड दिखाकर चालान काटे जा रहे हैं जबकि केंद्र व राज्य सरकार ने पांच प्रतिशत की छूट दी हुई है। ओवरलोड के टोकन के नाम से अवैध वसूली धंधा आरटीओ ऑफिस में चल रहा है।
गृह क्लेश में दो महिलाओं ने जान दी
सरधना थाना क्षेत्र के खिर्वा नौआबाद में शादी की सालगिरह की दावत को लेकर हुई कहासुनी के बाद विवाहिता ने दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी, वहीं गांव सलावा में गृहक्लेश के बाद महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। ग्राम खिर्वा नौआबाद में बुधवार को आयशा (35) पत्नी अय्यूब की शादी की सालगिरह की दावत को लेकर आपस में कहासुनी हो गई थी। परिजनों ने बताया कि दोनों की शादी दस वर्ष पूर्व हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा दस वर्ष का है।
बुधवार को कहासुनी के बाद विवाहिता ने कमरे में खुदको बंद कर दुपट्टे से फांसी लगा ली। गेट तोड़कर विवाहिता को नीचे उतारा गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीण भी जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं बुधवार सुबह सलावा गांव में रहने वाले प्रदीप कुमार की पत्नी सुनीता ने गृहक्लेश के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिम संचालक पर जानलेवा हमला, तोड़फोड़, फायरिंग
कंकरखेड़ा क्षेत्र के लखवाया गांव में फीस जमा किए बिना कसरत करने के विरोध पर कुछ युवकों ने जिम संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया। जिम और बाइक में तोड़फोड़ कर दी। फायरिंग कर दहशत फैला दी। जिम संचालक के चाचा ने सात लोगों के खिलाफ बलवा व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लखवाया निवासी सचिन वत्स उर्फ सचिदानंद महाराज ने बताया कि उनका भतीजा प्रशांत वत्स पुत्र राम किशोर शर्मा गांव में जिम चलाता है। प्रिंस पुत्र नौभार गुर्जर, आकाश पुत्र जुम्मी, सुमित पुत्र मुकेश, निखिल पुत्र राजू, साहिल पुत्र आनन्द, वंश व गौरव आदि लखवाया और आसपास के रहने वाले हैं। ये सभी उनके भतीजे के जिम पहुंचे और बिना फीस दिए कसरत करने का दबाव बनाया। जिसे लेकर प्रशांत के साथ उनकी कहासुनी हो गई।
अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए ये सभी चले गए। शाम को उनका भतीजा अपने जिम के सामने खड़ा था। तभी ये लोग बाइकों पर आए गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान हमलावरों ने फायरिंग भी की, जिससे वहां भगदड़ मच गई। हमलावरों ने जिम और बाइक में भी तोड़फोड़ की। प्रशांत को प्यारेलाल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बलवा और जानलेवा हमले की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।