फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut Crime Report: छात्र करता है पीछा, छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ा, हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही जिला बदर

Sun, 08 Oct 2023 06:35 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ में मनचले की दहशत के कारण छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। आरोप है कि छात्र तमंचा लेकर छात्रा का पीछा करता है जिस कारण वह दहशत में है। वहीं हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही को पुलिस ने जिला बदर किया है। पढ़ें क्राइम की अन्य खबरें
विज्ञापन
मेरठ क्राइम न्यूज - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नौंवी कक्षा की छात्रा के परिजनों ने कालोनी के युवक पर तमंचा लेकर पीछा करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने डर के कारण छात्रा को स्कूल भेजना बंद कर दिया है। परिजनों ने एसएसपी से शिकायत की तो उन्होंने सीओ ब्रह्मपुरी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन


परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दीनगर की रहने वाली छात्रा कक्षा नौ में पढ़ती है। छात्रा के परिजनों ने एसएसपी से शिकायत की कि कालोनी का ही एक युवक तमंचा लेकर उसका पीछा करता है। छात्रा ने परिजनों को ये बात बताई तो उन्होंने डरकर उसे स्कूल भेजना बंद कर दिया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने सीओ ब्रह्मपुरी को कार्रवाई के आदेश दिए।

थाना प्रभारी परतापुर नरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी छात्रा से छेड़खानी के मामले में पॉक्सो एक्ट और छेड़खानी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिसमें उसे जेल भेजा गया था। आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।
विज्ञापन

 

हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही को जिला बदर किया
हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही को प्रशासन ने गुंडा तत्व बताते हुए जिला बदर कर दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को उत्पीड़न बताते हुए सचिन सिरोही ने सीएम योगी से शिकायत करने की बात कही है। शनिवार को इंस्पेक्टर सिविल लाइन मो. नजीरुद्दीन ने मानसरोवर कालोनी स्थित सचिन सिरोही के घर पर पहुंचकर जिला बदर करने का नोटिस तामील कराया।

प्रशासन ने सचिन सिरोही को शांति के लिए खतरा बताते हुए जिला बदर किया है और 16 अक्तूबर को कोर्ट में पक्ष रखने के लिए बुलाया है। सचिन ने आरोप लगाया कि हिंदू हितों की आवाज उठाने और 2024 लोकसभा चुनाव लड़ने से रोकने के लिए प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। 

चाचा ने विवाहिता भतीजी को जमीन पर पटका
लालकुर्ती थाना क्षेत्र के घोसी मोहल्ला के रहने वाली विवाहिता अमरीन का चाचा आसिफ से विवाद हो गया। दोनों में मारपीट होने लगी। इसके बाद चाचा ने उठाकर उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।

घोसी मोहल्ला निवासी अमरीन अपने मायके में ही रह रही थी। शनिवार सुबह उसका चाचा आसिफ से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आसिफ ने गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और उसे जमीन पर उठाकर पटक दिया। इससे अमरीन गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख पुकार होने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल अवस्था में अमरीन ने लालकुर्ती थाने पहुंचकर शिकायत की है। लालकुर्ती एसओ इंदु वर्मा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेजा है।  
 

छात्रा ने की कोर्ट मैरिज, मां ने दी अपहरण की तहरीर

गंगानगर थाना क्षेत्र में स्थित निजी विश्वविद्यालय से नर्सिंग की छात्रा शुक्रवार शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्रा की मां ने लालकुर्ती थाने में अपहरण की तहरीर दी। पुलिस ने जांच पड़ताल करने पर पाया कि छात्रा ने कॉलेज में साथ पढ़ने वाले सहपाठी से एक वर्ष पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी और उसी के साथ बिहार चली गई है। छात्रा ने पुलिस को व्हाट्सएप पर कोर्ट मैरिज के सुबूत भी भेजकर बताया कि वह अपनी मर्जी से गई है।

पुलिस के मुताबिक जौनपुर निवासी छात्रा चार वर्ष पहले विवि में नर्सिंग की पढ़ाई के लिए आई थी। कॉलेज में उसका बिहार निवासी सहपाठी से प्रेम प्रसंग हो गया। दोनों ने एक साल पहले कोर्ट मैरिज कर ली। छात्रा अपनी मां के साथ लालकुर्ती थाना क्षेत्र में कसेरूखेड़ा में किराए के मकान में रहती थी। एक सप्ताह पहले छात्रा की मां ने उसे युवक से बात करते फोन पर पकड़ लिया और उससे कहा कि कोर्स खत्म हो गया है अब वापस जौनपुर चलो।

इस बात को छात्रा ने अपने प्रेमी को फोन कर बताया। इसके बाद शुक्रवार दोपहर दोनों बिहार के लिए निकल गए। इस पर छात्रा की मां ने थाने में अपहरण की तहरीर दी। लालकुर्ती एसओ इंदु वर्मा ने बताया कि दोनों छात्र-छात्रा नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों ने एक वर्ष पहले कोर्ट मैरिज की थी। बिहार से छात्रा को लाकर बयान दर्ज कराए जाएंगे।

ऑनलाइन स्कूटी खरीदने के चक्कर में 70 हजार की ठगी
ऑनलाइन स्कूटी खरीदने का लालच देकर एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने 70 हजार की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला रंगसाज निवासी शंकर कपूर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर ई-स्कूटी का एक विज्ञापन देखकर उन्होंने दिए हुए नंबर पर कॉल की। उधर से बात कर रहे व्यक्ति ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया। उन्होंने स्कूटी के बारे में पूछा तो उसने बताया कि स्कूटी एक लाख की है। सरकार की ओर से इस पर 10 हजार की छूट दी जा रही है। बुकिंग के नाम पर उनसे 1947 रुपये मांगे गए। उन्होंने 1947 रुपये की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर दी। अगले दिन उनके पास स्कूटी बुक होने का मेसेज आया। इसके एक दिन बाद एक नंबर से कॉल आई और सारी रकम जमा कराने व कुछ कागजात भेजने के लिए कहा गया। साथ ही एक लिंक भेजकर उनकी जानकारी भरवाई गई। उन्होंने 38,943 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद स्कूटी के बारे में पूछा तो 29,125 रुपये और भेजने के लिए कहा गया और बताया गया कि तीन-चार दिन में स्कूटी पहुंच जाएगी। उन्होंने 29,125 रुपये भी ट्रांसफर कर दिए। स्कूटी के बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया कि स्कूटी भेज दी गई है, दो दिन में मिल जाएगी। दो दिन बाद उन्होंने कॉल की फोन नहीं उठा। सदर बाजार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुष्कर्म पीड़िता को इंसाफ दिलाने के लिए एसएसपी ऑफिस पर हंगामा
परतापुर थाना क्षेत्र स्थित मार्जिन स्पोर्ट्स कंपनी में महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले में कार्रवाई नहीं होने से गुस्साई महिला कर्मचारियों ने एसएसपी दफ्तर पर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। कहा कि आरोपियों को थाने से छोड़ दिया गया। महिलाएं हाथों में पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद और नहीं मिल रहा इंसाफ जैसे बैनर लिए थीं। उन्होंने आरोपियों पर समझौता नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने और परतापुर पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा। आरोप लगाया कि पुलिस फैसला कराने का दबाव बना रही है। एसएसपी ने पूरे प्रकरण की विवेचना ट्रांसफर कराकर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तारी कराने की बात कही।
विज्ञापन

दो मोबाइल लुटेरे दबोचे, चार मोबाइल बरामद
नौचंदी पुलिस ने मोबाइल लूट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को दबोचकर निशानदेही पर लूट के चार मोबाइल बरामद किए हैं। शनिवार रात नौचंदी पुलिस ने बेगमपुल से दो मोबाइल लुटेरों को धर दबोचा और उनके पास से चार मोबाइल बरामद किए। लुटेरों ने गिरोह के कुछ और सदस्यों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस ने लिसाड़ी गेट के कई इलाकों में दबिश डाली। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें