निकाह से दो दिन पूर्व युवती का रिश्तेदार ने किया अपहरण
निकाह से दो दिन पूर्व बीएड पास युवती का रिश्तेदार उसे डरा-धमकाकर अपहरण कर ले गया। आरोपी 26 लाख के जेवरात और 5 लाख की नकदी भी ले गए। युवती के मामा ने एसएसपी के आदेश पर तीन भाईयों व दो बहनों के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने और मारपीट व धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
युवती के मामा की ओर से सदर बाजार थाने में दर्ज रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी भांजी तीन माह की उम्र से ही उनके पास रहती थी। उन्होंने भांजी को बीएड तक शिक्षा दिलाई थी। पिछले वर्ष भांजी की सगाई की थी। 25 नवंबर को उसका निकाह तय था।
आरोप है कि 23 नवंबर की सुबह दिल्ली के फाटक करोली फराश खाना निवासी रिश्तेदार असद पुत्र शफी अहमद उनकी भांजी को बहला-फुसलाकर व डरा-धमकाकर साथ ले गया। साथ में 26 लाख कीमत के जेवरात और 5 लाख की नकदी अपने साथ ले गया। उन्होंने बताया कि उनकी भांजी की दिमागी हालत ठीक नहीं है। इस मामले की जानकारी होने पर वह असद के घर दिल्ली पहुंचे और अपनी भांजी के बारे में पूछा। जिस पर असद और उसके भाई हनी व अनस, बहन सना और उरूज ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों ने आशंका जताई कि आरोपी उनकी भांजी को बेच सकते हैं या जान से मार सकते हैं। उन्होंने 24 नंवबर को सदर थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पीड़ित ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गांव रजपुरा के पास गंगा विहार कॉलोनी में शनिवार रात एक युवती ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। क्षेत्र की गंगा विहार कॉलोनी में 24 वर्षीय युवती की शादी डेढ़ वर्ष पहले शादी हुई थी। वह कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक रात में जब वह दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा। उसका शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस पुलिस ने जाकर शव को नीचे उतारा। परिजनों की ओर से कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया गया।
सरधना में छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपियों को जेल भेजा
एक दिन पहले ई-रिक्शा में जा रही कॉलेज की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शुक्रवार को एक गांव निवासी छात्राएं कॉलेज की छुट्टी के बाद ई-रिक्शा में सवार होकर घर जा रही थीं। नवाबगढ़ी गांव में मनचलों ने रिक्शा रोककर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर धमकी देते हुए फरार हो गए थे। जानकारी पर परिजनों और ग्रामीणों ने थाने पर पहुंचकर हंगामा करते हुुुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। जिसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए आफताब पुत्र इकराम, मोहम्मद सुभान पुत्र महाराज, निसार पुत्र इरशाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार को पुलिस ने तीनाें को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह ने कहा कि छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नगर में अभियान चलाकर मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अर्धविक्षिप्त महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास के आरोपी को जेल भेजा
परीक्षितगढ़ में अर्धविक्षिप्त महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास व धारधार हथियार से हमला करने के आरोपी का पुलिस ने शनिवार को चालान कर जेल भेज दिया। नगर के एक परिसर में करीब बीस वर्षों से एक 60 वर्षीय अर्धविक्षिप्त महिला रहती है। शुुक्रवार को महिला अपनी झोपड़ी में सो रही थी। तभी झोपड़ी में घुसे एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
विरोध करने पर महिला के चेहरे पर धारदार हथियारों से हमला किया। गार्ड व मजदूरों ने आरोपी को दबोच कर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी 26 वर्षीय विक्रांत पुत्र अशोक नगर के मोहल्ला खजूरी दरवाजा का रहने वाला है। उसके खिलाफ ग्राम नांरगपुर निवासी पीआरडी के जवान रवि ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। शनिवार को उसे जेल भेजा गया है।
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप
मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी एक युवती ने युवक पर आठ महीने तक शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता ने शनिवार को थाने पहुंचकर शिकायत की है। पीड़िता ने बताया कि उसके जीजा ने एक युवक से शादी की बात कराई थी। इसके बाद दोनों में फोन पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि युवक ने प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा देकर आठ महीने तक दुष्कर्म किया। इसके बाद शादी से इन्कार कर दिया। युवक ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह का कहना है कि युवती के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दरिंदगी की शिकार हुई मासूम की हालत चितांजनक
लोहिया नगर क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम दरिंदगी की शिकार हुई थी। चौथे दिन भी मासूम की हालत चितांजनक बनी हुई है। मासूम के पिता ने मेडिकल में उपचार में डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। शनिवार को लोहिया नगर इंस्पेक्टर केपी सिंह ने मासूम के घर पहुंचकर आर्थिक सहायता भी दी है। पुलिस ने आरोपी राजू (26) को जेल भेज दिया है। पुलिस ने दावा जल्द ही इस मामले में चार्जशीट तैयार न्यायालय में भेजी जाएगी।
बीते बुधवार को मासूम अपने मकान के बाहर खेल रही थी, आरोपी ने बर्गर देने के बहाने बुलाकर घर में दुष्कर्म कर दिया था। घर पहुंचने पर बच्ची की हालत खराब होने पर परिजनों ने उसे मेडिकल में उपचार के लिए भर्ती कराया था। लेकिन बच्ची की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।