फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut Crime Report: निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, छह मजदूर दब, लापता बच्ची का नहीं कोई सुराग

Tue, 30 Jan 2024 04:56 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ से पिछले 24 घंटे की अपराध की मुख्य खबरें पढ़ने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ।
विज्ञापन
मेरठ क्राइम न्यूज - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भावनपुर थाना के गांव स्याल स्थित तकिया मस्जिद में सुबह की नमाज से पहले गर्म पानी को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। दोनों पक्षों की तहरीर पर 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

विज्ञापन


गांव स्याल निवासी जहीर सुबह तकिया मस्जिद में नमाज से पहले वजू के लिए घर के लिए गर्म पानी लेकर जा रहा था। इसका मस्जिद के मुतव्वली नफीस ने विरोध किया। इस पर दोनों के बीच गाली-गलौज व मारपीट हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही जहीर के बेटे खालिद, साजिद, फरमान, कलुआ भी आ गए। 

सभी ने मिलकर मुतव्वली नफीस के साथ मारपीट कर दी। इसकी सूचना पर नफीस की ओर से शानू, कलीम, फैजान आदि हाथों में लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट के दौरान नफीस, कलीम, शानू उर्फ शान मोहम्मद, फैजान सहित अन्य घायल हो गए। 
विज्ञापन


दूसरे पक्ष की ओर से जहीर, खालिद, शादाब, रिफाकत घायल हुए। इसी दौरान झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामले की  जानकारी ली। दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल भेजा गया।

लोगों में मच गई भगदड़ 
जहीर और नफीस पक्ष के बीच मारपीट के दौरान लाठी-डंडे चलते देख मस्जिद में नमाज के लिए पहुंचे लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ लोग वहां से जान बचाकर भागे। भावनपुर पुलिस ने नफीस पक्ष की ओर से जहीर, अजहर, फरमान, कलुआ, राशिद, नूरू, रिफाकत, रियासत, इरशाद, शादाब, खालिद और जहीर पक्ष की ओर से अनीस, नफीस, वसीम, कलीम, साहिब, शकील सहित 17 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

15 दिन बाद भी नहीं मिली लापता बच्ची 
मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र से 15 दिन पहले लापता बच्ची लवी को पुलिस अब तक बरामद नहीं कर पाई है। सोमवार को पीड़ित परिवार ने ग्रामीणों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचकर घेराव किया। ग्राम प्रधान संगठन के मंडल महामंत्री और माछरा के ग्राम प्रधान यतेंद्र शर्मा के साथ अन्य लोग यहां पहुंचे। 

गांव के रहने वाले अर्जुन जाटव ने बताया कि उसकी छह साल की मासूम बेटी लवी 14 जनवरी की शाम को घर के बाहर खेलते समय संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। आरोप है कि बेटी की तलाश में वह लगातार थाने और अधिकारियों के यहां चक्कर काट रहा है, लेकिन 15 दिन बाद भी उसका सुराग नहीं लगा है। 

ग्राम प्रधान यतेंद्र शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर चार दिन में पुलिस ने बच्ची को बरामद नहीं किया तो सैकड़ों ग्रामीण अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। उधर, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि थाना पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही बच्ची को बरामद कर लिया जाएगा। 

बच्ची को बरामद करने की मांग 
लिसाड़ीगेट के मकबरा बजरिया निवासी महिला ने एसएसपी से पांच साल की बेटी को बरामद कराने की गुहार लगाई है। पीड़िता ने सोमवार को दफ्तर पहुंचकर शिकायत पत्र दिया है। उसके मुताबिक बीते 27 दिसंबर को जब वह सुहेल गार्डन में बेटी लेने गई तो उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर कमरे में बंद कर दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि उसकी बेटी को देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की जा रही है। पीड़िता ने एसएसपी से बेटी को बरामद करने और आरोपी पक्ष पर कार्रवाई की मांग की। संवाद
 

अभद्र टिप्पणी के विरोध में कंकरखेड़ा थाने पर हंगामा 
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के बटजेवरा गांव निवासी पूर्व प्रधान प्रेमचंद कुछ अन्य लोगों के साथ सोमवार को कंकरखेड़ा थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया पर अनुसूचित जाति समाज के लोगों पर अभद्र टिप्पणी की जा रही है। सोमवार को अभद्र टिप्पणी का वीडियो वायरल हो गया। इसके विरोध में हंगामा किया गया। प्रेमचंद के मुताबिक वीडियो कई दिन पुराना है, लेकिन सोमवार को यह तेजी से वायरल हुआ। इसका पता चलने पर समाज के लोगों में रोष फैल गया। इस मामले में थाने पहुंचे समाज के लोगों ने काफी देर तक हंगामा किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने वाले के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी देवेश कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। 

रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी
मेरठ के रोहटा थाना के गांव आलमगीर के रहने वाले बिजेंद्र के बेटे भूरा के नंबर पर कॉल कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रुपये नही देने पर पूरी परिवार को जान मारने की धमकी दी गई है। सोमवार को पीड़ित ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने बताया कि कुछ लोग उसके पुत्र भूरा के मोबाइल नंबर पर कॉल कर पांच लाख की रंगदारी की मांग कर रहे हैं। जब रकम नहीं दी तो उन लोगों ने बीते रविवार की रात लाठी-डंडों से घर में घुसकर हमला कर दिया। एक हमलावर को गांव वालों ने दबोच कर रोहटा पुलिस को सौंप दिया, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। सोमवार को पीड़ित ने एसएसपी दफ्तर पर पहुंचकर कार्रवाई की मांग के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। 

रसगुल्ले में जहर देकर मारने की कोशिश
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन की रहने वाली महिला ने पति आशू पर रसगुल्ले में जहर देकर जान का आरोप लगाया। होश में आने के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत की है। पीड़िता का कहना है कि पति का पड़ोसी महिला से प्रेम-प्रंसग चल रहा है। कुछ दिन पहले पति उसे लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने मामले में जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। 

शास्त्रीनगर में मॉडल शॉप के बाहर युवक पर हमला
शास्त्रीनगर में मॉडल शॉप के बाहर खड़े युवक पर हमला किया गया। इस मामले में युवक की बहन सोनिया सोमवार को पुलिस ऑफिस पहुंची। उसने आरोप लगाया कि तेजगढ़ी क्षेत्र के कृष्ण सहित अन्य युवकों ने हमला किया। वारदात शराब की दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। 

 
विज्ञापन

निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरा, छह मजदूर दबे
मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के हाजीपुर में इकरामुद्दीन के निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरने से छह मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में पांच मजदूर घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक हाजीपुर गांव स्थित शीलू के मकान में लिंटर डाला जा रहा था। शाम तक लगभग पूरा काम हो गया था। छज्जे का काम बाकी था। इसी दौरान अचानक शटरिंग की बल्ली टूट गई और लिंटर भरभराकर गिर गया। इसके चलते इकरामुद्दीन, नसीम, बबलू, मेहराजुद्दीन एवं फरीद मलबे में दब गए। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। मलबा और सरिया हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला गया। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, लोहिया नगर इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि सभी की हालत में सुधार है, मजदूरों की तरफ से कोई भी शिकायत नहीं की गई है।  

शॉट सर्किट से मकान में लगी आग
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में सब्जी बेचने अमित सैनी के मकान में शॉट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से पूरा मकान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक इंदिरा नगर निवासी अमित सैनी किराए के मकान में रहते हैं। सोमवार दोपहर उनके मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें उनका समान जल गया। स्थानीय लोगों आग को बुझाया। अमित के मुताबिक उसकी तीन बच्ची हैं। पत्नी घरों में काम करती हैं। स्थानीय पार्षद अनिल वर्मा ने आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें