फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut Crime Report: किराया नहीं दिया तो पति के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, लापता युवती ने थाने पहुंच चौंकाया

Mon, 18 Dec 2023 03:00 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मेरठ क्राइम न्यूज - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

दोघट में पति ने कमरे का किराया नहीं दिया तो पत्नी ने पति समेत पांच ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। जिसमें पुलिस ने जानलेवा हमला करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

विज्ञापन


मौजिजाबाद नांगल गांव निवासी पूजा ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2013 में रविंद्र निवासी मुल्तान कालोनी गांव उझा जनपद पानीपत के साथ हुई थी। आरोप लगाया कि वर्ष 2019 में दीपावली से दो दिन पहले ससुराल वालों ने फांसी लगाकर उसे मारने का प्रयास किया। जहां से किसी तरह बचकर अपने मायके आ गई। इसके बाद पानीपत में किराये पर कमरा लेकर रहने लगी तो उसका पति वहां भी आ गया। जिसने कुछ दिन बाद मारपीट कर उसे घर से भगा दिया और उसके सामान पर भी कब्जा कर लिया। आरोप लगाया कि अब उसका पति कमरे का किराया भी नहीं दे रहा। जिससे उसका सामान भी कमरे में बंद है। आरोप लगाया कि पानीपत आने पर उसे हत्या की धमकी दी जा रही है।। इस मामले में थाना प्रभारी सोनवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति रविंद्र, ससुर ओमपाल, सास बिमलेश, देवर लोकेश, अनिल निवासी उझा जनपद पानीपत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अपराधियों को अपराध न करने की शपथ दिलाई
पुलिस लाइन में रविवार को लूट, डकैती समेत अन्य आपराधिक घटनाओं के मुकदमों में जेल से जमानत पर बाहर आये अपराधियों का पूर्ण ब्योरा ऑनलाइन किया गया। साथ ही एएसपी ने अपराधियों को जीवन में कभी अपराध न करने की शपथ दिलाई।

पुलिस लाइन के मैदान में रविवार अपराधियों के डोजियर भरवाये गये। जिसमें पिछले तीन सालों में जिले में हुई लूट, डकैती, चोरी की घटनाओं में शामिल 100 से अधिक अपराधियों को नोटिस देकर कर बुलाया गया। जिसमें थानावार सभी अपराधियों की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड़ की गई। इस मौके पर एएसपी एनपी सिंह ने अपराधियों को कानून का पालन करने की शपथ दिलाई। जहां अपराधियों ने भी भविष्य में कभी अपराध न करने की बात कहीं।

इस मौके पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने भी अपराधियों से पूछताछ की। इस मामले में एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि अपराधियों का ब्योरा ऑनलाइन किया गया है। जिससे एक क्लिक में अपराधी की पूरी जानकारी मिल सकेगी।

ससुर पर छेड़छाड़ का आरोप, थाने में दो पक्षों में मारपीट
ससुराल में युवती के उत्पीड़न और ससुर पर छेड़छाड़ के आरोप के मामले में रविवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। बाद में थाने में भी मारपीट और हंगामा हुआ। दोनों ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस जांच कर रही है।

क्षेत्र की एक कॉलोनी की युवती की शादी नौ माह पहले मुरादनगर निवासी युवक के साथ हुई थी। उसके मुताबिक बताया शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उत्पीड़न करने लगे। आरोप है कि दो महीने पहले ससुर ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद वह मायके में रहने लगी थी।

युवती के मुताबिक रविवार दोपहर पति, ससुर सहित ससुराल वाले अन्य रिश्तेदारों के साथ पहुंचे। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बाद में दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले गई। दोनों पक्ष के लोगों में थाने में भी मारपीट हो गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने में भी तहरीर दी है। लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

दुष्कर्म की शिकायत कर रुपये ऐंठने का प्रयास, तीन के खिलाफ रिपोर्ट
दुष्कर्म की शिकायत कर युवक से रुपये ऐंठने के प्रयास के मामले में एसएसपी के आदेश पर दो महिलाओं समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। श्याम नगर निवासी व्यकित ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि उनका पुत्र सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करता है। कुछ दिन पहले उनके पुत्र को हापुड़ रोड स्थित हॉस्पिटल में कैमरे ठीक करने के लिए बुलाया गया था। पुत्र ने वहां जाकर देखा तो सारे कैमरे ठीक थे।

आरोप है कि उनके पुत्र को दुष्कर्म के मामले में फंसाने के इरादे से बुलाया गया था। वह किसी तरह वहां से बचकर निकल आया। उनका पुत्र शादीशुदा है और उसकी पत्नी गर्भवती है। दूसरे पक्ष ने पूर्व में भी एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म की झूठी शिकायत की थी। इसके बाद पैसे लेकर उसके पक्ष में बयान देकर शिकायती पत्र वापस ले लिया था। अब इसी तरह पैसे ऐंठने के लिए उनके पुत्र के खिलाफ डीएम और मुख्यमंत्री तक शिकायत की गई है। एसएसपी के आदेश पर लिसाड़ी गेट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

लापता युवती थाने पहुंची, प्रेमी से शादी का किया दावा
लालकुर्ती क्षेत्र से लापता युवती रविवार को थाने पहुंची। उसने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। उसने प्रेमी से शादी करने का भी दावा किया। पुलिस अब युवक की तलाश कर रही ह।

लालकुर्ती क्षेत्र से 13 दिसंबर को युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों को जानकारी हुई कि मोहल्ले में आने वाला एक युवक उसे ले गया है। उन्होंने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और युवती की तलाश करनी शुरू कर दी।

रविवार को युवती अचानक थाने पहुंची। पुलिस ने बात की तो उसने बताया कि वह एक युवक से प्यार करती है। युवक भी उससे प्यार करता है। परिजनों ने उसकी मर्जी के बिना कहीं और रिश्ता कर दिया। उसकी जबरन सगाई भी करा दी गई, लेकिन उसे यह रिश्ता स्वीकार नहीं है। इसलिए वह अपने प्रेमी के साथ चली गई। अब उन्होंने शादी कर ली है।

युवती के मुताबिक वह बालिग है। पुलिस ने युवती के बयान दर्ज किए और उसे मेडिकल के लिए भिजवा दिया। लालकुर्ती पुलिस ने बताया कि युवक मूलरूप से हरियाणा का रहने वाला है। वह यहां अपने मामा के यहां आता था। इसी दौरान युवती और युवक की दोस्ती हो गई। दोनों में प्रेम-प्रसंग हो गया। फिलहाल युवती को आशा ज्योति केंद्र में रखा गया है।

न्यायालय में बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी युवक अभी फरार है। साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। लालकुर्ती थाना प्रभारी इंदु वर्मा ने बताया कि युवती ने शादी कर ली है। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बंटी की हत्या में शामिल दूसरे आरोपी को जेल भेजा
पावली खास निवासी बंटी की हत्या के मामले में शनिवार देर रात पुलिस ने दूसरे आरोपी को पल्हैड़ा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।

पावली खास निवासी बंटी का एक सप्ताह पहले बंद पड़े पेट्रोल पंप पर खून से लथपथ शव मिला था। परिजनों ने गांव निवासी संदीप व बबलू पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने पावली खास स्टेशन के पास से संदीप को पकड़ लिया था। पूछताछ में संदीप ने बताया था कि उन्होंने बर्तन चोरी किए थे। चोरी के बर्तन बेचने के बाद 700 रुपये के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद संदीप व बबलू ने ईंट से कूचकर बंटी की हत्या कर दी थी। आरोपी संदीप को जेल भेजा जा चुका है।

शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दूसरा आरोपी बबलू पल्हैड़ा चौराहे के पास है। पुलिस ने घेराबंदी कर बबलू को पकड़ लिया। रविवार को पूछताछ के बाद बबलू को भी जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि बबलू पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
विज्ञापन

युवती से छेड़छाड़, मनचलों को पीटा
लिसाड़ीगेट क्षेत्र की एक कॉलोनी में घर के बाहर खड़ी युवती से दो मनचलों ने छेड़छाड़ कर दी। आरोपियों ने उसका फोन नंबर भी मांगा। इसके बाद मनचले धमकी देने लगे। उन्होंने युवती से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने युवती को उठाकर बाइक पर ले जाने का भी प्रयास किया। इसके बाद कुछ लोगों की मदद से मनचलों की पिटाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। लिसाड़ीगेट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें