अवैध पशु कटान के आरोप में एक गिरफ्तार
देहली गेट क्षेत्र के सरायलाल दास सेठ वाली गली में पशुओं का खून नालियों में बहने पर भाजपाइयों के हंगामे के बाद पुलिस ने रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 70 किग्रा मांस और पशु कटान के औजार भी बरामद किए हैं।
शनिवार शाम अवैध पशु कटान का आरोप लगाकर हंगामा किया गया था। भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा सहित अन्य ने रोष जताया था। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 325 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत रिपोर्ट दर्ज शेख अमजद को अवैध पशु कटान के आरोप में गिरफ्तार किया है। रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बीमार युवक से की मारपीट लोगों ने हमलावर पकड़ा
भावनपुर थाना क्षेत्र के गोकलपुर निवासी फैसल दिल की बीमारी से पीड़ित हैं। परिजनों ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि वह शनिवार को घर के बाहर बैठा था। तभी स्कॉर्पियो में सवार होकर आए गांव के ही शकील के बेटे मोहसिन ने फैसल से अभद्रता की। विरोध करने पर फैसल की तरफ पिस्टल तान दी। पिस्टल छीनने को लेकर दोनों में खींचतान हो गई।
शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग आ गए। लोगों ने मोहसिन को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। कुछ दिन पूर्व उसके भतीजे साज के साथ भी मोहसिन ने मारपीट की थी। जांच कर रहे हसनपुर कदीम चौकी इंचार्ज रणजीत सिंह का कहना है कि मोहसिन के पास पिस्टल नहीं मिला। मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Meerut Weather: वेस्ट यूपी में 41 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान, तपिश में झुलसे लोग, अभी और सताएगी गर्मी
स्कूटी सवार बदमाशों ने युवक का मोबाइल लूटा
नौचंदी थाना क्षेत्र में आरटीओ कार्यालय के पास स्कूटी सवार दो बदमाशों ने युवक का मोबाइल लूट लिया। शास्त्रीनगर निवासी नदीम शनिवार को बाजार से सामान लाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान वह फोन पर किसी से बात कर रहा था।
आरटीओ कार्यालय के पास स्कूटी पर पीछे से आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल लूट लिया और भाग गए। पीड़ित ने नौचंदी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रोडवेज चालक को पीटने के आरोपी ने माफी मांगी
हरियाणा के कुरुक्षेत्र निवासी अंकित ने शनिवार को थाने पर केस दर्ज कराते हुए बताया था कि वह इटावा से रोडवेज बस लेकर शामली जा रहा था। इसी बीच नंगलाताशी गांव के सामने सड़क पर कुछ युवक बाइक से स्टंट कर रहे थे। बस चालक ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई।
मारपीट का वीडियो वायरल हो गया था। पुलिस एक आरोपी को लेकर थाने आ गई। अन्य आरोपी मौके से भाग गए थे। पुलिस पकड़ में आने के बाद आरोपी लंगड़ाता हुआ थाने से बाहर निकला और बोला साहब गलती हो गई थी, आगे से नहीं करूंगा। सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।
बुलेट और मोपेड की टक्कर में दो व्यक्ति घायल
हस्तिनापुर कस्बे के मध्य गंगनहर पुल पर एक बुलेट सवार युवक की सामने से आ रहे मोपेड से टक्कर हो गई। हादसे में मोपेड सवार समेत दो लोगों को चोटें आईं। मनोहरपुर काॅलोनी के महावीर रविवार दोपहर खेत से मोपेड पर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मध्य गंगनहर पटरी पर पहुंचे तो तेज गति से बुलेट पर आ रहे जगमोहन से टक्कर हो गई। दोनों घायल हो गए। जगमोहन निवासी नारंगपुर ने बताया कि वह एक समारोह में गए थे।