लिसाड़ी गेट निवासी छेड़छाड़ पीड़िता को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आबिद निवासी लक्खीपुरा लिसाड़ी गेट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि लोहियानगर में लिसाड़ी गेट की रहने वाली युवती से आबिद ने छेड़छाड़ की थी। इस मामले में पीड़िता ने लोहिया नगर थाने में आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था। आबिद छेड़छाड़ पीड़िता पर फैसले का दबाव बना रहा था। फैसला नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। इससे परेशान होकर पीड़िता ने 17 जून को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। लिसाड़ी गेट पुलिस ने आबिद के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया था। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
एक्सप्रेसवे पर रेलिंग से टकराकर पलटी कार, चार घायल
परतापुर क्षेत्र में मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे स्थित गोल चक्कर मोड़ पर रविवार तड़के दिल्ली से मुज्जफरनगर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराकर पलट गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से परिजन उन्हें दिल्ली ले गए थे।
पुलिस के अनुसार दिल्ली निवासी एक परिवार रविवार तड़के मुजफ्फरनगर में किसी रिश्तेदार के यहां जा रहा था। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे के गोल चक्कर मोड़ पर तेज गति होने के कारण उनकी आई टेन कार अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। इस टक्कर के बाद कार पलट गई। इसमें सवार लोग घायल हो गए। हादसे को देखकर कुछ राहगीरों ने अपने वाहन रोके और एंबुलेंस बुलवाई। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर पुलिस को सूचना दी गई। हादसे के जानकारी मिलने मेरठ पहुंचे परिजन घायलों को अपने साथ दिल्ली ले गए। वहीं, पुलिस ने कार को किनारे हटाकर यातायात सुचारु कराया। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि परिजन कार सवार लोगों को अपने साथ ले गए हैं।
व्यापारी के कर्मचारी ने किया दो लाख का कपड़ा, 50 हजार रुपये चोरी
लालकुर्ती क्षेत्र में व्यापारी के गोदाम से कर्मचारी ने दो लाख रुपये कीमत का कपड़ा और 50 हजार की नकदी चोरी कर ली। व्यापारी ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लिसाड़ी गेट क्षेत्र के पिलोखड़ी रोड निवासी मोहम्मद फैज की लालकुर्ती मार्केट में कपड़े की दुकान है। उन्होंने मथुरा पैलेस में अपना कपड़े का गोदाम बना रखा है। दुकान पर कुछ लड़के काम करते हैं। आरोप है कि इन्हीं में से लालकुर्ती क्षेत्र के जामुन मोहल्ला निवासी कामिल काफी समय से गोदाम से कपड़े और नकदी चोरी कर रहा था। 15 जून को वह चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। मोहम्मद कैफ के मुताबिक उनके गोदाम से करीब दो लाख कीमत का कपड़ा और 50 हजार की नकदी चोरी हुई है। सीओ कैंट संतोष कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को तलाश किया जा रहा है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए घर पर की थी फायरिंग
लोहियानगर क्षेत्र में सागर भारती के घर पर करीब दो माह पूर्व फायरिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी फैजान को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए उसने साथियों संग मिलकर फायरिंग की थी। पुलिस ने आरोपी से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद किए हैं।
के-ब्लॉक निवासी सागर भारती के घर पर 17 अप्रैल को कुछ लोगों ने मिलकर फायरिंग की थी। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए थे। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि इस मामले में सलेमपुर गांव निवासी फैजान को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में फैजान ने बताया कि सागर भारती ने उसके खिलाफ घर में घुसकर हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने मुकदमा वापस लेने का दबाव सागर पर बनाया था। इसमें सफल न होने पर अपने साथी जीशान और ओसामा संग मिलकर सागर भारती के घर पर फायरिंग की थी। फैजान के खिलाफ लोहियानगर थाने में तीन मुकदमे दर्ज हैं। जीशान और ओसामा की तलाश की जा रही है।
जानलेवा हमले में वांछित गिरफ्तार
ब्रह्मपुरी पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले वांछित आसिफ को गिरफ्तार किया है। माधवपुरम सेक्टर-3 निवासी आसिफ ने अपने भाई साजिद, दोस्त इमरान सैफी और कैफ के संग मिलकर 30 मई की रात कपड़ा व्यापारी रशीद नगर लिसाड़ीगेट निवासी नदीम और उसके भांजे पर फायरिंग की थी। पैर में गोली लगने से नदीम घायल हो गया था। नदीम इमरान के बुलाने पर अपने बकाया रुपये लेने उसके घर गया था। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। संवाद
नौकर ने वृद्धा को दवाई की ओवरडोज दी, आठ लाख की नकदी व जेवर चोरी
पल्लवपुरम फेस प्रथम में नौकर ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को दवा की ओवरडोज देकर घर से आठ लाख रुपये नकद और 10 तोले सोने के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़िता के कारोबारी बेटे ने जापान से आकर घरेलू सहायक गौरव पल्लवपुरम थाने पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पल्लवपुरम फेस-1 के मकान नंबर बीएच 38 निवासी कारोबारी आलोक दत्ता ने बताया कि वह पत्नी और बच्चों के साथ कारोबार के सिलसिले में जापान गया था। उनकी 80 साल की माता घर पर अकेली थीं। उनकी देखभाल के लिए घरेलू सहायक गौरव को रखा हुआ था। दौराला क्षेत्र का रहने वाला गौरव बीते 15 साल के घर पर काम करता है। 14 जून को आरोपी गौरव ने घर पर मौजूद बाकी दोनों ड्राइवरों को बीयर पीने के लिए फोन करके घर से बाहर बुलाया। एक चालक ने मना कर दिया और दूसरा चला गया। इसी दौरान गौरव ने उसकी मां को दवा की ओवरडोज दे दी, इससे महिला को गहरी नींद आ गई। गौरव ने एक महिला के साथ मिलकर चोरी की वारदात की। अगले दिन पीड़िता ने गौरव से इस बारे में जानकारी लेने चाही तो उसने जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में कारोबारी बेटे को उसकी मां ने फोन पर जानकारी दी।
आलोक दत्ता ने शनिवार को जापान से मेरठ आकर घर के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। इसमें मुंह पर कपड़ा बांधे एक महिला घर में आती और जाती दिखाई दी। इसके बाद उसने पल्लवपुरम थाने पर पहुंचकर घटना की तहरीर दी। एसपी सिटी सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द आरोपी को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
दहेज की मांग पूरी न करने पर दो बहनों का रिश्ता टूटा, मिल रही धमकी
दहेज में एक प्लॉट, दो बाइक और पांच लाख की मांग पूरी न करने पर लोहियानगर निवासी दो बहनों का रिश्ता टूट गया। लड़के पक्ष ने दोनों बहनों की सगाई के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे डाली। दोनों आरोपी भाइयों की सगाई दूसरी जगह हो गई। युवतियों की मां ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लोहियानगर निवासी नाजरीन ने थाने में तहरीर दी। इसमें बताया कि उसने अपनी बेटी लायबा और आलिया की शादी संभल जिले के बहजोई कस्बे के मोहल्ला कुरैशियान निवासी यावर और ताजिम के साथ तय किया था। करीब एक वर्ष पूर्व डेढ़ लाख रुपये खर्च कर सगाई की थी। आरोप है कि इसके बाद यावर और ताजिम व उनके पिता उमर, अनस सलमा आदि दहेज में एक प्लॉट, दो बाइक और पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। लड़की पक्ष ने दहेज की मांग नहीं मानी तो आरोपियों ने शादी करने से इन्कार कर दिया।
आरोपियों ने धमकी दी कि वह दोनों युवतियों की सगाई के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे और कहीं और भी रिश्ता नहीं होने देंगे। यावर और ताजिम की सगाई 14 जून को मुरादाबाद में कर दी गई। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाहक थाना प्रभारी को लाइनहाजिर किया
भाजपा और हिंदूवादी संगठनों के नेताओं की नाराजगी कार्यवाहक थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर क्राइम) जनार्दन सिंह को भारी पड़ गई। एसएसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है।
मवाना कस्बे में शुक्रवार को सुभाष बाजार चौराहे के पास दोने पत्तलों की दुकान करने वाले जितेंद्र कुमार ने थाने में तहरीर दी थी। इसमें मोहल्ला हीरालाल निवासी पिता-पुत्र पर दुकान के आगे ठेली लगाकर रास्ते को अवरुद्ध करने और शुक्रवार को मारपीट करने एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र का केवल शांति भंग में चालान कर दिया। इसका पता चलने पर शनिवार शाम व्यापारी व हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहु्ंचे।
आरोप है कि थाना प्रभारी का कार्यभार देख रहे इंस्पेक्टर क्राइम जनार्दन सिंह के एक बयान पर उनमें रोष व्याप्त हो गया। उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना दिया गया। उन्होंने इंस्पेक्टर को निलंबित करने और व्यापारी के साथ मारपीट करने वाले पिता-पुत्र पर कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले में सीओ अभिषेक पटेल ने आला अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया था। इसी मामले में रविवार को एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक जनार्दन सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।
गंगानगर में बुजुर्ग का शव मिला
गंगानगर में डिवाइडर रोड स्थित पार्क के सामने फुटपाथ पर एक बुजुर्ग का शव मिला। आसपास के दुकानदारों के अनुसार काफी समय से यह डिवाइडर रोड पर ही भीख मांगता था। आसपास के लोग ही खाना देते थे। दो दिनों से वह नजर नहीं आ रहा था। रविवार शाम शिशु मंदिर पार्क के फुटपाथ पर किसी ठेले वाले ने बताया कि पॉलीथीन के अंदर शव पड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार अधिक गर्मी के चलते मौत हो सकती है। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह के अनुसार शव मिलने की जानकारी मिली थी। 80 वर्ष से ज्यादा उम्र है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ई-रिक्शा चोरी कर ले जा रहा आरोपी पकड़ा
कोतवाली क्षेत्र के गोला कुआं में ई-रिक्शा चोरी कर ले जा रहे आरोपी को चालक ने कुछ राहगीरों के साथ मिलकर पकड़ लिया। पीड़ित ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर उसके खिलाफ चोरी का केस दर्ज कराया है। लिसाड़ीगेट के श्यामनगर का निवासी सलमान उर्फ जुम्मा ई-रिक्शा चलाता है। शनिवार दोपहर वह गोला कुआं पर ई-रिक्शा खड़ा करके सवारी तलाश रहा था। ई-रिक्शा में चाबी लगी थी। तभी एक व्यक्ति उसका ई-रिक्शा लेकर चला गया। सलमान ने उसे देखा तो चिल्लाकर रुकने को कहा, लेकिन आरोपी नहीं रुका। सलमान के शोर मचाने पर कई दुकानदार और राहगीर आरोपी के पीछे दौड़े। उसे गोला कुआं से सोहराब गेट पुलिस चौकी जाने वाले मार्ग पर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शहजाद उर्फ दीनू निवासी खुशहालनगर लिसाड़ी गेट बताया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
देर रात दुकान खोलने पर 26 व्यापारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
पुलिस की ओर से जिले में तीन दिन चलाए गए ऑपरेशन अल्कोहल के तहत रात ग्यारह बजे के बाद दुकान खोलने वाले 26 दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वहीं, 77 वाहनों को सीज किया गया, जिनमें लोग बैठकर शराब पी रहे थे।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि विशेष अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन, शराब पीकर वाहन चलाने और इनसे संभावित घटनाओं पर नियंत्रण करना रहा। उन्होंने बताया कि तीन दिन में पुलिस ने रात में चेकिंग अभियान चलाया। दुकानें खुली मिलने पर एफआईआर दर्ज की गईं।
शराब पीकर वाहन चलाने और वाहन में बैठकर शराब पीने वालों के लिए भी चालान किए गए। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 535 चालान किए गए। इनमें अधिकांश वे लोग थे जो शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए। एसएसपी ने बताया कि रात ग्यारह बजे के बाद सभी ऐसी दुकानें और प्रतिष्ठानों को बंद करवाया गया, जहां असामाजिक तत्वों के एकत्रित होने की संभावना थी।