फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ क्राइम रिपोर्ट: दोस्तों संग गंगनहर में नहाने गया युवक डूबा, अश्लील फिल्म के विवाद में भिड़े दो पक्ष

Tue, 26 Sep 2023 11:39 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र मेंअश्लील फिल्म दिखाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। वहीं एक महिला ने सहायिका पर 1.70 लाख चोरी करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
मेरठ क्राइम न्यूज - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में अश्लील फिल्म दिखाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस मामले में एक पक्ष ने तहरीर दी है। पुलिस ने मारपीट के आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। अंबेडकर रोड स्थित सतीश चौक निवासी एक महिला ने थाने पर तहरीर दी। इसमें बताया कि सोमवार सुबह वह बेटे के साथ घर पर थीं। 

विज्ञापन


इस दौरान उनका देवर आया और उनके साथ अभद्रता की। बाद में महिला पर डंडे से हमला कर दिया। बीचबचाव में आए भतीजे के साथ भी मारपीट की गई। दोनों ने भागकर जान बचाई। 

दूसरी ओर, युवक का आरोप है कि महिला का भतीजा उसके बेटे को अश्लील फिल्म दिखाता है। पूर्व में भी इसकी शिकायत की थी। सोमवार सुबह वह बेटे को देखने के लिए भाई के घर पहुंचा था। वहां उसने देखा कि दोनों मोबाइल में पोर्न फिल्म देख रहे हैं। इसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। 

विज्ञापन

कॉलेज की कैंटीन में छात्र गुट भिड़े, दो को हिरासत में लिया
परतापुर में हाईवे स्थित एक कॉलेज की कैंटीन में छात्र गुटों में जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से बेल्टें चलीं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दो छात्राें को हिरासत में ले लिया।

सीओ शुचिता सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर परतापुर पुलिस को काॅलेज की ओर से छात्र गुटों में विवाद की सूचना दी गई। पुलिस पहुंची तो पता चला कि कॉलेज की कैंटीन में छात्रों के दो गुटों में कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा। यहां कुछ छात्रों से पूछताछ के बाद पुलिस मुजफ्फरनगर निवासी विक्रांत और अक्षित को थाने ले आई। उन्होंने बताया कि वे कॉलेज में एडमिशन के लिए आए थे। उनसे पहले ही कैंटीन में छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो रही थी। 

पुलिस के पहुंचने पर दोनों गुटों के छात्र भाग गए थे और मौके से पुलिस उन्हें उठाकर ले आई। वहीं, काॅलेज के कुछ छात्रों का कहना है कि कैंटीन में इन दोनों छात्रों ने ही मारपीट की थी। बाद में दोनों छात्रों के अभिभावकों को थाने बुलाकर छोड़ दिया गया। काॅलेज प्रशासन की ओर से भी कोई तहरीर थाने में नहीं दी गई।

शराब पीने का विरोध करने पर मारपीट
लिसाड़ीगेट के सद्दीकनगर निवासी यासीन ने भतीजे पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस के मुताबिक यासीन ने बताया कि उसके भतीजे घर के बाहर खड़े होकर शराब पी रहे थे। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की। स्थानीय लोगों के पहुंचने पर आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने लिसाड़ीगेट थाने में तहरीर दी है। 

एथेनॉल मामले में एसएसपी के सामने रखा पक्ष
खरखौदा क्षेत्र में 8 हजार लीटर एब्सोल्यूट एथेनॉल पकड़ने के मामले में आरोपी पक्ष ने एसएसपी से मिलकर अपना पक्ष रखा। मुदित बंसल निवासी पक्का बाग हापुड़ ने बताया कि पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने उनके भाई अंकित बंसल समेत तीन लोगों को एब्सोल्यूट एथेनॉल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपी पक्ष की ओर से बताया गया कि एब्सोल्यूट एथेनॉल मनुष्य के पीने योग्य नहीं होता। इसका इस्तेमाल व्यवसायिक तौर पर होता है। उन्होंने एब्सोल्यूट एथेनॉल के सभी बिल और टेक्निकल एनालिस्ट रिपोर्ट भी एसएसपी को सौंपी। साथ ही अपने भाई समेत तीनों लोगों की गिरफ्तारी को नियम खिलाफ बताया। 

गणेश विसर्जन यात्रा से ऊंचे डीजे हटवाए, हंगामा
लालकुर्ती क्षेत्र के तोपखाना से निकाली जा रही गणेश विसर्जन से पुलिस ने ऊंचे डीजे हटवा दिए। इससे हंगामा हो गया। पुलिस ने यात्रा में शामिल लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। तोपखाना क्षेत्र से सोमवार शाम गणेश विसर्जन यात्रा निकाली जा रही थी।

बताया गया कि यात्रा में शामिल डीजे की ऊंचाई मानक से काफी ज्यादा थी। डीजे की आवाज भी काफी तेज थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आयोजकों को डीजे हटाने के लिए कहा। इसे लेकर हंगामा हो गया। बाद में यात्रा बिना डीजे के ही संपन्न हुई। थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि ज्यादा ऊंचाई के चलते डीजे बंद कराया था। 

दोस्तों संग गंगनहर में नहाने गया युवक डूबा
मसूरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह रेलवे पुल के पास गंगनहर में साथियों के साथ नहाते समय सुहैल (18) गहरे पानी में डूब गया। किसी तरह साथियों ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मूलरूप से मेरठ के गांव अजराड़ा निवासी शौकीन अली सबमर्सिबल लगाने का काम करते हैं। हाल में वह परिवार के साथ मसूरी में रेलवे स्टेशन रोड पर रह रहे हैं।

सोमवार सुबह उनका बेटा सुहैल पड़ोसी दोस्तों के साथ रेलवे पुल के पास गंगनहर में नहाने चला गया। गहरे पानी में जाने के कारण वह डूब गया। कड़ी मशक्कत कर दोस्तों ने उसे तलाशकर बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची लेकिन परिजनों के उसका पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। एसीपी मसूरी नरेश कुमार सिंह का कहना है कि अस्पताल से गंगनहर में नहाते समय सुहैल की डूबने से मौत होने की सूचना मिली। 

शटर का ताला तोड़कर दुकान से नकदी और सामान चोरी
नौचंदी थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित भवानी नगर में दुकान का शटर तोड़कर बदमाश 55 हजार रुपये और अन्य सामान चुराकर ले गए। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। 
 
इंद्रलोक कॉलोनी निवासी मोहम्मद सलीम की हापुड रोड स्थित भवानी नगर में स्टील और सीमेंट की दुकान है। उनकी दुकान का शटर तोड़कर बदमाश 55 हजार रुपये की नकदी, सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर, एलईडी, एक मोबाइल और लोहे का सामान चोरी करके ले गए। बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। 

सहायिका पर 1.70 लाख चोरी करने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
जेल चुंगी निवासी महिला मोनिका ने घर में काम करने वाली सहायिका पर 1.70 लाख रुपये चोरी करने का आरोप लगाते हुए मेडिकल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मोनिका के मुताबिक राजीव गांधी नगर निवासी बबीता को उन्होंने कुछ माह पहले घर में काम के लिए रखा था। जन्माष्टमी के दिन परिवार के सदस्य घर के बाहर दुकान में व्यस्त थे।

आरोप है कि बबीता रसोई के रास्ते कमरे में आई और नकदी निकालने लगी। मोनिका जैसे ही कमरे में गई तो वह अलमारी में छिप गई। उन्होंने उसे पकड़ लिया। उसके पास से 15,400 रुपये मिले। तलाशी लेने पर वह धमकी देने लगी और बेहोशी का नाटक करने लगी। इसके बाद उन्होंने आरोपी को छोड़ दिया। बाद में उन्होंने जांच की तो 1.70 लाख रुपये की नकदी गायब थी। उन्होंने पुलिस चौकी पर शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
विज्ञापन

बाइक और नकदी लूट की रिपोर्ट दर्ज 
मेडिकल क्षेत्र के कालियागढ़ी निवासी पंकज ने चार लोगों के खिलाफ बाइक और नकदी लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व उनके घर के सामने खड़ी बाइक लल्ला, अंकित, आकाश और दिपांशु नाम के युवक ले गए। बाइक में 10 हजार रुपये भी रखी थी। इस बारे में पूछने पर मारपीट की गई। उसकी गर्भवती पत्नी रीना को भी पीटा गया। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। 

कर्ज में डूबे चाय विक्रेता ने जहर खाकर जान दी
गंगानगर थानाक्षेत्र के कसेरूबक्सर स्थित अस्पताल के बाहर चाय की दुकान चलाने वाले 35 वर्षीय प्रिंस ने सोमवार सुबह सल्फास निगल लिया। जिसे अस्पताल ले जाया गया। कुछ देर में उसकी मौत हो गई। लोगों ने बताया कि उस पर काफी कर्ज हो गया था। इस कारण वह काफी समय से परेशान चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार में युवक की मां है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें