कांवड़ खंडित होने पर शिवभक्त ने किया हंगामा
मोदीपुरम हाईवे स्थित सिवाया गांव के पास कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्त गुरुजाबांस थाना सदर जिला अलवर राजस्थान निवासी गौरव सैनी की कांवड़ खंडित हो गई। कांवड़ खंडित होने पर शिवभक्त ने हंगामा कर दिया। दूसरे शिवभक्तों को आता देख हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया।
पुलिस ने किसी तरह शिवभक्त को समझाकर शांत कराया और गंगाजल देकर गंतव्य को रवाना किया। गौरव ने बताया कि वह हरिद्वार से 51 किलो गंगाजल कलश में भरकर गंतव्य की ओर जा रहा था। मंगलवार को सिवाया गांव के पास मंदिर में रुकने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह मंदिर के बाहर पहुंचा तो उसकी कांवड़ खंडित हो गई। शिवभक्त ने हंगामा शुरू कर दिया।
22 नकली सबमर्सिबल पंप के साथ एक गिरफ्तार
टीपी नगर पुलिस ने ब्रांडेड कंपनी के नाम से बेचे जा रहे नकली 22 सबमर्सिबल पंंप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दिल्ली के छतरपुर स्थित आर्गस आई कपंनी के ऑपरेशन मैनेजर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि उनकी कंपनी आशीर्वाद पाइप्स प्राइवेट लिमिटेड के नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिकृत है। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
कॉलोनी और हाईवे पर लगे सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
सिवाया स्थित नंद वाटिका कॉलोनी में एनआरआई की मां सुशीला देवी के घर से हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस ने दूसरे बेटे विशाल बंसल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना का खुलासा करने के लिए कॉलोनी व हाईवे पर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगालने में जुट गई है। विशाल बंसल ने दौराला थाने पर दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि मां सुशीला देवी 12 दिन पहले धामपुर में अपनी बेटी के घर गईं थीं।
वह बंसल कंकरखेड़ा में रहते हैं और दो-तीन दिन में मकान की देखभाल के लिए आ जाते थे। 28 जून को भी वह मकान पर गए थे। 30 जून की शाम को उनके मकान के ऊपर रहने वाले कांस्टेबल मनीष कुमार ने फोन करके सूचना दी कि उनके दरवाजे के ताले टूटे पड़े हैं। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए एक टीम गठित की गई है। जल्द चोरों को पकड़कर खुलासा किया जाएगा।
घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म की कोशिश
सरधना थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर नशे में धुत युवक ने युवती से दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। आरोप है मुल्हेड़ा चौकी में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने सरधना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। मुल्हेड़ा चौकी क्षेत्र की पीड़िता ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय में इस संबध में शिकायती पत्र दिया। बताया कि घटना 29 जून की रात 9 बजे की है।