फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut Crime News: साइबर ठगों को बैंक खाते मुहैया कराने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार, पढ़ें अपराध संक्षेप

Fri, 23 May 2025 02:37 PM IST
डिंपल सिरोही न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

लोहियानगर क्षेत्र के बजौट गांव में भट्ठी में स्क्रैप गलाकर प्रदूषण फैलाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा तो आरोपी भाग निकले। पढ़ें मेरठ से अपराध संक्षेप एक क्लिक में-
विज्ञापन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ के लोहियानगर पुलिस ने घोसीपुर गांव में चचेरे भाइयों पर फायरिंग करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि घोसीपुर निवासी आबिद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि घोसीपुर निवासी आरिस और हाजीपुर निवासी अदनान, जुबैर व अर्श ने उनके पुत्र आरिस और भतीजे फिरोज पर जान से मारने की नियत से तमंचे से फायरिंग की थी। गोली दोनों के बराबर से निकल गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए थे। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी अर्श और जुबैर को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ।  

विज्ञापन


राष्ट्रीय ध्वज जलाया, मुकदमा दर्ज
लोहियानगर क्षेत्र में किसी व्यक्ति ने राष्ट्रीय ध्वज जलाकर फेंक दिया। फफूंडा गांव निवासी विमल कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह अपने घर से मल्लोपुरी की ओर घूमने निकले थे। रास्ते में उन्हें राष्ट्रीय ध्वज जली हुई हालत में मिला। उन्होंने अज्ञात में थाने में तहरीर दी। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।  

भट्ठी में स्क्रैप गला रहे आरोपियों पर केस दर्ज
लोहियानगर क्षेत्र के बजौट गांव में भट्ठी में स्क्रैप गलाकर प्रदूषण फैलाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा तो आरोपी भाग निकले। पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बजौट गांव में लिसाड़ीगेट जाने वाले रास्ते पर कुछ लोग अवैध भट्ठी पर स्क्रैप गला रहे हैं। जानकारी की तो पता चला कि भट्ठी का संचालन फतेहउल्लापुर सुहेल और फईम व रहीस के साथ दो अज्ञात व्यक्ति कर रहे हैं। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 23 मई को आपके शहर में क्या हुआ

चोरी के चार मोबाइलों के साथ एक गिरफ्तार
टीपीनगर थाना पुलिस ने चोरी के चार मोबाइलों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि एक सूचना के आधार पर शिवपुरम निवासी शिवम बृहस्पतिवार को फल मंडी के गेट नंबर-3 से पकड़ा गया। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 

हृदयगति रुकने से दरोगा की मौत
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के दरोगा 53 वर्षीय विनय कुमार मुरादाबाद की 23 वीं बटालियन पीएसी में ट्रेनिंग कर रहे थे। तबियत बिगड़ने पर दरोगा अपने घर कंकरखेड़ा की न्यू गोविंदपुरी में वापस आ गए थे। यहां बृहस्पतिवार सुबह हृदय गति रुकने से उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरोगा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। न्यू गोविंदपुरी मोहल्ला निवासी अर्जुन ने बताया कि ससुर विनय कुमार यूपी पुलिस में दरोगा थे। वर्तमान में उनकी तैनाती डायल-112 में नोएडा में थी। उनके ससुर मुरादाबाद की 23वीं बटालियन पीएसी में 20 दिन से ट्रेनिंग कर रहे थे। चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें माइनर अटैक पड़ा है।  

युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी
परतापुर रेलवे स्टेशन से कुछ दूर ब्रजविहार कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय धीरज ने घरेलू कलह में ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। धीरज बुधवार रात परतापुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और दिल्ली से मेरठ आ रही जांलधर सुपरफास्ट के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की जेब से मिले आधार कार्ड से शनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस के अनुसार युवक गृहकलेश के चलते कई महीनों से परेशान चल रहा था आंशका है कि इसी कारण से युवक ने आत्महत्या की है। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। 

कैंटर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास पर बृहस्पतिवार दोपहर कैंटर ने बाइक सवार शेरगढ़ी निवासी आकाश (25) को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा उसका दोस्त रौनक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी चालक कैंटर छोड़कर मौके से फरार हो गया। 

शेरगढ़ी निवासी आकाश बृहस्पतिवार दोपहर अपने दोस्त रौनक के साथ बाइक पर जा रहा था। बिजली बंबा बाईपास पर सीएनजी पंप के पास कैंटर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। आकाश बाइक समेत कैंटर के सामने गिरा। कैंटर का पहिया उसके ऊपर से उतर गया। रौनक साइड में गिरकर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रौनक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और आकाश का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

आकाश की मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों का रोते हुए बुरा हाल हो गया। वह मेडिकल कॉलेज पहुंचे। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सीओ कोतवाली ने बताया कि कैंटर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक को तलाश किया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

युवती के फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर किए वायरल
लिसाड़ी गेट क्षेत्र की रहने वाली युवती के फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए। इससे उसका रिश्ता भी टूट गया। बृहस्पतिवार को युवती के पिता एसएसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 

पिता के मुताबिक उनका कुछ रिश्तेदारों से विवाद चल रहा है। दो अप्रैल को एक रिश्तेदार ने उनका फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दी। मना किया तो आरोपी पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। छह मई को आरोपी ने उसकी बेटी के फोटो खींचे और उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इन फोटो को एडिट कर इंस्टाग्राम पर डाला गया। 

अक्षय बैंसला ने किया कोर्ट में सरेंडर
मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर के-ब्लॉक में करीब एक माह पूर्व फायरिंग मामले में छात्र नेता अक्षय बैंसला ने बृहस्पतिवार को सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वरुण सिरोहा और प्रिंस अभी पुलिस के हाथ नहीं आए हैं। बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र के कोटा गांव निवासी आदित्य चौधरी चरण सिंह विवि में बीएससी माइक्रोबायलॉजी का छात्र है। एक माह पूर्व वह विवि से अपने दोस्तों के साथ आवास की ओर जा रहा था।

आरोप है कि रास्ते में बाइक सवार वरुण सिरोहा निवासी टोडा थाना इंचौली, अभिषेक विकल निवासी खाईखेड़ा थाना परीक्षितगढ़, अक्षय बैंसला निवासी खानपुर थाना खरखौदा और तीन-चार अज्ञात लोगों ने उनका पीछा किया। के-ब्लॉक में पहुंचते ही आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गोली आदित्य और उसके दोस्तों के बराबर से होकर निकल गई थी। आदित्य की ओर से मेडिकल थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस की जांच में प्रिंस नाम के युवक का नाम भी प्रकाश में आया था। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि अक्षय बैंसला ने सरेंडर कर दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। 
विज्ञापन

साइबर ठगों को बैंक खाते मुहैया कराने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
साइबर ठगों को बैंक खाते मुहैया कराने के आरोप में 5 लोगों को मेरठ से गिरफ्तार किया गया है। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने ये कार्रवाई की है। आरोपियों की पहचान मेरठ निवासी विशाल, अंकित, प्रेमपाल, दुष्यंत व प्रशांत के तौर पर हुई। इनसे पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी ठगों के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाते थे। अंकित व प्रशांत स्पोर्ट्स का सामान बेचने का काम करते हैं। वही प्रेमपाल दवा सप्लाई का काम करता है, जबकि विशाल व दुष्यंत बेरोजगार है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है। डिजिटल अरेस्ट कर 77 लाख रुपये की ठगी के मामले में इन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में सेक्टर-21सी निवासी व्यक्ति ने साइबर क्राइम थाना एनआईटी में शिकायत दी थी।

इस धोखाधड़ी में आपका नाम केस में आया हुआ है और यदि तुम इस केस में से अपना नाम कटवाकर, केस का निपटारा करना चाहते हो तो हमारे बैंक खाते में रुपये डालो। ठगों ने गिरफ्तारी का डर दिखा कर 77 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें