सरूरपुर के गांव रामपुर मोती के जंगल में शहतूत के पेड़ पर करनावल निवासी रोहित शर्मा (35) का फंदे पर लटका हुआ शव मिला। खेत में काम करने के गए किसानों ने पेड़ पर शव लटका होने की सूचना सरूरपुर पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि शादी नहीं होने के कारण युवक ने आत्महत्या की है।
सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव रामपुर मोती क किसान शुक्रवार सुबह खेत में काम करने के लिए गए थे। इसी बीच किसानों ने जंगल में शहतूत के पेड़ पर फांसी पर लटका हुआ शव देखा। इसके बाद किसानों ने शव की सूचना पुलिस को दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रोहित की शादी नहीं हुई थी, वह इससे परेशान रहता था। वह अकसर घर के बाहर ही रहता था। लेकिन शाम को घर वापस आ जाता था। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया है कि युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। यह भी बताया गया है कि युवक शादी नहीं होने से परेशान था, इसी कारण उसने आत्महत्या की है। पुलिस अभी जांच पड़ताल कर रही है।
बिजली बंबा बाईपास पर पिकअप गाड़ी की टक्कर से बैंककर्मी की मौत
लोहियानगर थाना क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास पर अरोमा रिजेंसी होटल के सामने टाटा पिकअप गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार रिठानी गांव निवासी बैंककर्मी धर्मेंद्र (44) की मौत हो गई।
धर्मेंद्र मोहिउद्दीनपुर की भारतीय स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। शुक्रवार को वह बैंक के काम से बाइक पर तेजगढ़ी चौराहे पर गए थे। शाम को वहां से लौटते समय बिजली बंबा बाईपास पर अरोमा रिजेंसी होटल के सामने वह आगे चल रहे टेंपो को ओवरटेक कर रहे थे। सामने से आ रही पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल को हॉस्पिटल ले गई। वहां चिकित्सकों ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है। गाड़ी भी कब्जे में ले ली है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धर्मेंद्र ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। हेलमेट तो शायद उसकी जान बच जाती। हादसे की खबर मिलने पर धर्मेंद्र के परिजन तत्काल हॉस्पिटल पहुंच गए। तब तक धर्मेंद्र की मौत हो चुकी थी। शव देखते ही पत्नी ममता, बेटे अंकित और पुत्री मानवी का रोते हुए बुरा हाल हो गया। रिश्तेदारों ने उन्हें किसी तरह संभाला।
दुष्कर्म में दोषी को 10 वर्ष का कारावास
अपर जिला जज एवं विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो अधिनियम) ने किशोरी से दुष्कर्म के मामले में आरोपी गुलजार निवासी सरधना को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के कारावास से दंडित किया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार किशोरी के पिता ने नौ जनवरी 2017 को थाना सरधना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया गया था कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री को आरोपी गुलजार बहलाकर ले गया था। उसने दुष्कर्म किया और इसका वीडियो भी बनाया।
उसने धमकी दी कि किसी को बताया तो वह बदनाम कर देगा। किशोरी की तबीयत खराब होने के बाद उसकी मां उसे डॉक्टर के यहां ले गई। डॉक्टर ने बताया कि पीड़िता गर्भवती है। पीड़िता के पिता की ओर से आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कराया गया। अभियोजन की ओर से न्यायालय में छह गवाह पेश किए। न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाए गए गुलजार को सजा सुनाई।
सिंचाई विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.60 लाख ठगे
सिंचाई विभाग के गंगनहर निर्माण खंड में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से उसके परिचित ने 1.60 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र भी बनाकर दे दिया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ टीपीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रोहटा रोड शांतिकुंज निवासी रुपेश कुमार ने एसएसपी से शिकायती की। इसमें बताया कि उसकी बुआ का बेटा विरांत बेरोजगारी की वजह से परेशान चल रहा था। विरांत की नौकरी के लिए रुपेश ने अपने परिचित गाजीपुर गांव निवासी घनश्याम कश्यप से बात की। आरोप है कि घनश्याम ने सिंचाई विभाग के गंगनहर निर्माण खंड के अधिकारियों से जान-पहचान बताते हुए विरांत की नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। इसके लिए आरोपी ने उनसे 1.60 लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि कई दिन बाद भी आरोपी ने रकम नहीं लौटाई है। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नौकरी व पीएम आवास योजना के नाम पर 1.35 लाख ठगे
नौकरी व पीएम आवास योजना में मकान बनवाने के नाम पर गिरोह ने महिला से 1.35 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ टीपीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। चंद्रलोक कॉलोनी निवासी रेनू शर्मा ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि करीब तीन माह पूर्व अंकुर शर्मा नाम का युवक उनके मकान पर आया। उसके साथ दो गार्ड अब्दुल और प्रवीण, चालक नरेंद्र सैनी थे। अंकुर शर्मा ने बताया कि वह प्रधानमंत्री आवास योजना में मंडल मंत्री है। बुलंदशहर से उसका ट्रांसफर मेरठ हो गया है। उसे एक कमरा किराए पर रहने के लिए चाहिए। रेनू शर्मा ने उस पर विश्वास कर एक कमरा, रसोई और बाथरूम किराए पर दे दिया। कुछ दिन बाद अंकुर शर्मा और उसकी पत्नी शैला ने रेनू से कहा कि तुम्हारे बेटे की नौकरी आवास-विकास परिषद में लगवा दूंगा। उन्होंने 1.35 लाख रुपये अंकुर शर्मा को दे दिए। बाद में आरोपी ने नौकरी लगवाई और न रुपये लौटाए। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
साइबर अपराधियों ने युवक से 1.02 लाख ठगे
साइबर अपराधियों ने मुंडाली थाना क्षेत्र के अजराड़ा गांव निवासी मोहम्मद अब्दुल्ला से 1.02 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसके पास अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉलर ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करने का झांसा दिया।
आरोपी ने उससे बैंक की डिटेल ले ली। इसके बाद उसके खाते से एक बार 99,999 और दूसरी बार में 2,900 रुपये निकाल लिए। साइबर क्राइम थाना प्रभारी जयप्रकाश का कहना है रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
महिला ने दो युवकों पर लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
भावनपुर थाना क्षेत्र निवासी तीन बेटियों की मां ने मोदीनगर निवासी दूसरे वर्ग के युवक पर शादी का झांसा देकर दोस्त के संग मिलकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। अब वह उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है।
थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता अपनी तीन बेटियों के साथ शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। बताया कि उसके बेटी होने पर उसका पति परेशान करता था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से मोदीनगर निवासी दूसरे समाज के युवक के साथ हो गई। आरोप है कि युवक ने चार मई को शादी की बात करने के लिए उसे बुलाकर अपने अन्य दोस्त के साथ स्कूटी पर बैठाकर किला परीक्षितगढ़ रोड स्थित एक होटल में में ले गया। जहां उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि भावनपुर थाना पुलिस ने उसकी नहीं सुनी। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिलने के बाद जांच कर कार्यवाही की जाएगी।
शराब तस्करी में दोषी को पांच वर्ष सात माह का कारावास
शराब तस्करी के करीब छह वर्ष पुराने मामले में एडीजे कोर्ट-3 ने माधवपुरम आंबेडकरनगर निवासी निवासी विपिन को दोषी मानते हुए पांच वर्ष सात माह के कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषी पर सात हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
टीपीनगर पुलिस ने 16 सितंबर 2019 को विपिन को गिरफ्तार किया था। उसके पास से अवैध शराब, एथेनॉल और यूरिया बरामद हुआ था। वह एथेनॉल और यूरिया की मिलावट कर शराब बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 273, 272 और आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया था। यहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान एडीजे कोर्ट-3 ने विपिन को दोषी माना और सजा सुनाई।
चोरी किए एसी व साइकिल के साथ दो गिरफ्तार
लिसाड़ी गेट पुलिस ने घर में घुसकर एसी और साइकिल चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। श्यामनगर भोपाल की कोठी निवासी असलम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया था कि श्यामनगर के ही कासिम और आमिर ने उसके घर में घुसकर दो एसी और एक साइकिल व अन्य सामान चोरी कर लिया है। रिपोर्ट दर्ज का पुलिस ने शुक्रवार को खुशहालनगर टंकी के पास से गिरफ्तार कर लिया। कासिम और आमिर के खिलाफ तीन-तीन मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर गोली लगने से घायल
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के पावलीखास में शुक्रवार सुबह दिन निकलते ही पुलिस की संरक्षित पशुओं की तस्करी करने वाले आरोपियों से मुठभेड़ हुई। पैर में गोली लगने से पशु तस्कर मोहसिन निवासी पावलीखास घायल हो गया। वहीं दूसरा आरोपी शाहिद उर्फ मामा पुलिस को चकमा देकर भाग गया। आरोपी संरक्षित पशुओं का कटान कर रहे थे। पुलिस ने मौके से 170 किलो ग्राम संरक्षित पशु का मांस भी बरामद किया है।
सीओ दौराला प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि पावलीखास गांव में मोहसिन के घर पर पशु तस्कर संरक्षित पशु का कटान कर रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने शुक्रवार सुबह आरोपी के घर पर दबिश दी। जहां पुलिस को दोनों आरोपी संरक्षित पशु का कटान करते हुए दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस ने दोनों आरोपियों की घेराबंदी की। आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
आरोपियों के हमले में पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी मोहसिन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि शाहिद उर्फ मामा निवासी पावलीखास भाग गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पशु कटान में प्रयोग किए जाने वाले उपकरण, तराजू, एक 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस व खोखा बरामद किया है। आरोपी मोहसिन पर दो साल पूर्व इंचौली थाने में भी पशु कटान का केस दर्ज है। सीओ का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा। आरोपी की तलाश में एक टीम लगा दी गई है।