फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut Crime News: यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवक ने फांसी लगाकर जान दी, पढ़ें अपराध की सनसनीखेज खबरें

Sun, 29 Jun 2025 11:37 AM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

बुलंदशहर के नरसैना निवासी आशुतोष विजय नगर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या की वजह पारिवारिक कलह सामने आ रही है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विजय नगर में किराए के मकान में रहने वाले बुलंदशहर नरसैना निवासी आशुतोष (24) ने फांसी लगाकर जान दे दी। आशुतोष यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी। पुलिस मान रही है कि पारिवारिक कलह के चलते उसने यह कदम उठाया।
विज्ञापन

आशुतोष यूपीएससी की तैयारी के अलावा प्राइवेट कोचिंग भी करता था। शाम को खाने का टिफिन लेकर आए युवक ने आवाज लगाई तो दरवाजा नहीं खुला। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने परिजनाें को सूचना दी और मकान मालिक से भी संपर्क किया। मकान मालिक गाजियाबाद में परिवार के साथ रहता है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। युवक के तनाव में होने की जानकारी भी लगी है।
 

लोन रिकवरी एजेंट ने धमकाया, पुलिस ने टरकाया

नौचंदी थाना क्षेत्र के जयदेवी नगर निवासी आढ़ती राधेश्याम सैनी के परिवार से लोन रिकवरी एजेंट ने फोन पर अभद्रता करते हुए धमकी दी। आरोप है कि नौचंदी पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय पीड़ित को टरका दिया। जयदेवी नगर निवासी राधेश्याम सैनी ने बताया कि 16 जून से उनके मोबाइल पर लगातार कॉल आ रही है। कॉल करने वाले गाली-गलौज करते हुए रुपये की मांग कर रहे हैं। धमकी भी दी जा रही है। ऐसी ही कॉल उनके परिवार के अन्य सदस्यों के मोबाइल पर भी आ रही हैं। इससे उनका परिवार मानसिक रूप से परेशान हो चुका है। कॉल करने वाले ने बताया कि भारत कौशिक के नाम पर लोन लिया गया है और गारंटर के मोबाइल नंबर की जगह उनका मोबाइल लिखवाया गया है। जबकि वह किसी भारत कौशिक नाम के व्यक्ति को जानते भी नहीं हैं। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। 
 

घर में घुसकर छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप

परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने शनिवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत करते हुए बताया कि वह अपने पति के साथ दिल्ली में रहती है। पति दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। गर्मियों की छुट्टी के चलते गांव में आए हैं। बृहस्पतिवार सुबह उसके पति किसी काम से बाहर गए थे। वह घर पर बच्चों के साथ मौजूद थी। इसी बीच गांव के ही दो आरोपी गाली-गलौज करते हुए घर में जबरन घुस गए और पीड़िता के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़छाड़ की। विरोध करने पर धमकी दी और चेन लूटकर मौके से चले गए। एसपी देहात का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 
 

लोहिया नगर में आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास

लोहिया नगर के जाहिदपुर गांव में युवक ने घर में घुसकर आठ साल की बच्ची से चाकू की नोक पर दुष्कर्म का प्रयास किया। तभी वहां पहुंची मां ने शोर मचा दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला। जाहिदपुर गांव में किराए के मकान में रहने वाला एक युवक मजदूरी करता है। तबीयत खराब होने से उसका मेडिकल अस्पताल में उपचार चल रहा है। शनिवार को उसकी पत्नी मजदूरी पर गई हुई थी, तभी गांव का रहने वाला युवक घर में घुस गया और चाकू के बल पर बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश की। मां ने हड़काया तो आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग गया। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर परिजनों ने गांव के लोगों के साथ थाने में हंगामा किया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 
 

स्टंट करने से मना किया तो पूर्व सैन्यकर्मी के परिवार पर हमला

कार से स्टंट करने का विरोध करने पर खिर्वा रोड स्थित आसाराम बापू आश्रम के पीछे सुरेंद्र एंक्लेव कॉलोनी में पूर्व सैन्यकर्मी के परिवार पर आरोपियों ने लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र चोट लगने से घायल हो गए।
खतौली के रायपुर नंगली गांव निवासी संदीप कुमार ने तहरीर में बताया कि वह सेना से सेवानिवृत्त हैं और पत्नी वर्षा देवी, बेटा भानू प्रताप समेत दो बेटियों संग सुरेंद्र एंक्लेव कालोनी में रह रहे हैं। शुक्रवार रात को उनके मकान के सामने गणपति विहार कालोनी निवासी कृष व एक अन्य कार से स्टंट कर रहे थे, जिसका उनके परिवार ने विरोध जताया। इसे लेकर आरोपियों से कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपियों ने साथियों को फोन कर बुला लिया और लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से पीड़ित परिवार पर हमला कर दिया। इसमें पिता-पुत्र लहूलुहान हो गए। इसी बीच एक युवक ने मोबाइल में मारपीट का वीडियो बना लिया। पुलिस ने अनुज, कृष, लकी, अक्कू पंड़ित, केके और 15-20 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपियों को जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत

मुंडाली थाना के गांव मुरलीपुर निवासी राजन गौतम पुत्र जयभगवान गौतम पेशे से बॉल बनाने का काम करके अपनी पत्नी सोनिया, बेटी लक्षता, बेबी और बेटा रिषभ का पालन पोषण करता था। शुक्रवार को देर रात राजन अपने छोटे भाई राज के साथ अपनी बाइक पर सवार होकर मेडिकल जा रहा था। गढ़ रोड स्थित बेंक्वेट हॉल के समीप सामने से आ रही टाटा पिकअप गाड़ी के साथ जोरदार टक्कर हो गई। राजन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने राजन को नर्सिंग होम में भर्ती कराते हुए टाटा पिकअप गाड़ी को कब्जे में कर लिया। जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उपचार के दौरान राजन ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर कार्यवाही शुरू कर दी।
 

निजी बस से कुचलने से साइकिल सवार की मौत

रेलवे रोड थाना क्षेत्र में शनिवार शाम बागपत रोड पर जैन नगर के पास साइकिल सवार को निजी बस ने कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौके से गुजर रही महिला ने अपनी स्कूटी आगे लगाकर बस रुकवाई। राहगीरों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। काफी प्रयास के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो पाई।
बागपत की ओर से शनिवार शाम करीब साढे चार बजे एक प्राइवेट बस मेरठ आ रही थी। जैन नगर के पास साइकिल पर जा रहा युवक बस की साइड लगने से सड़क पर गिर गया। बस का पहिया उसके सीने के ऊपर से उतर गया। आरोपी चालक ने बस लेकर मौके से भागने का प्रयास किया। तभी मौके से गुजर रही दिल्ली रोड निवासी रुचि सिंघल ने अपनी स्कूटी बस के सामने लगा दी। राहगीरों ने बस के चालक कुराली गांव निवासी सुरेंद्र को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। चालक को हिरासत में ले लिया गया है। बस भी पुलिस के कब्जे में है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
 

कॉफी कैफे संचालक पर फायरिंग के मामले में पांच पर मुकदमा दर्ज

कंकरखेड़ा में खिर्वा फ्लाईओवर के ऊपर कॉफी कैफे संचालक प्रिंस पुत्र विनोद से मारपीट के बाद फायरिंग के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।थाना क्षेत्र की न्यू सैनिक कालोनी निवासी 24 वर्षीय प्रिंस के दोस्त लक्ष्य की अर्श चौधरी से फोन पर कहासुनी हुई थी। लक्ष्य ने मामले की जानकारी प्रिंस को दी थी। शुक्रवार शाम को खिर्वा फ्लाईओवर के ऊपर दोनों पक्षों में जमकर गाली गलौज हो गई थी। प्रिंस और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला किया गया और किसी ने फायर भी झोंका था। प्रिंस ने फ्लाई ओवर के ऊपर से कूदकर जान बचाई और वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को मामले की जानकारी दी थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अर्श, रौनकपाल, कार्तिक, सूर्य व लविश खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। 
 

केरोसिन तेल डालकर विवाहिता को जलाने का प्रयास

सदर थाना क्षेत्र के मेहताब निवासी तायबा ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उसकी शादी दो साल पूर्व भूसा मंडी निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही पति व ससुराल वाले दहेज में कार और बाइक की मांग कर रहे हैं। पति शराब पीकर रोजाना मारपीट करता है। दोनों पक्षों में पूर्व में पंचायत हो चुकी हैं। आरोप है कि शादी के बाद बेटी पैदा होने से पति नाराज चल रहा था। शनिवार सुबह पति ने ससुराल वालों के साथ मिलकर मारपीट की और उसके ऊपर केरोसिन तेल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। वह किसी तरह बेटी को लेकर घर से बाहर भागी और फोन पर परिजनों को जानकारी दी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। 
 

गाड़ी की किस्त जमा नहीं की, जान से मारने की धमकी दी

कृष्णानगर निवासी प्रदीप ने हरियाणा के सोनीपत निवासी एक व्यक्ति पर गाड़ी की किस्त नहीं जमा करने और किस्त जमा करने की बात कहने पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। प्रदीप की पत्नी अनीता ने बताया कि सोनीपत निवासी कुलदीप सिंह ने उससे महिंद्रा बोलेरो पिकअप गाड़ी 1 लाख 20 हजार रुपये में खरीदी थी। गाड़ी पर 48 किस्तें बकाया थीं। गाड़ी ले जाने के बाद से कुलदीप ने एक भी किस्त जमा नहीं की। प्रदीप ने कई बार कहा लेकिन कुलदीप ने किस्त जमा नहीं की। पीड़ित ने अपनी गाड़ी वापस मांगी, तो आरोपी ने गाड़ी देने से मना कर दिया, साथ ही जान से मारने की धमकी दी। 
 

घर में घुसकर युवती को पीटा, वीडियो वायरल करने की धमकी

ब्रह्मपुरी क्षेत्र की एक युवती के साथ शकूर नगर निवासी आबिद ने घर में घुसकर मारपीट की। युवती का आरोप है कि युवक उसकी शादी नहीं होने दे रहा है और बदनाम करने की धमकी दे रहा है।
थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में पीड़िता ने बताया कि आरोपी आबिद आए दिन उसे परेशान करता है। शुक्रवार को वह उसके घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि आबिद उसे ब्लैकमेल करता है और उसकी शादी भी नहीं होने दे रहा है। आरोपी ने धोखे से उसका वीडियो बनाया था। इसे वायरल करने की धमकी दे रहा है। इससे वह काफी परेशान है। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

युवती के होने वाले पति को फोन कर दी धमकी

 युवती की शादी से पहले एक युवक ने फोन करके उसके होने वाले ससुराल में फोन कर धमकी दी है। लोहियानगर थाने में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी पुत्री की शादी चार जुलाई की तय हुई है। आरोप है उसकी पुत्री की होने वाली ससुराल में हापुड़ के हैदरपुर निवासी रक्षित ने फोन किया। उसने धमकी दी कि वह और उसका दोस्त भावनपुर के स्याल गांव का निवासी रोबिन यह शादी नहीं होने देंगे। जिस लड़के से शादी होगी, उसे जान से मार देंगे। इस मामले में सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

भाजपा नेता ने युवक पर लगाया लेटरपेड चोरी करने का आरोप

देहली गेट में भाजपा अल्पसंख्यक के मोर्चा व अग्रसेन मंडल महानगर के मंत्री आसिफ ने शनिवार को एसएसपी ऑफिस पर एक आरोपी पर लेटरपेड चोरी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत पत्र दिया। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिया। पुलिस मामले की जांच में लग गई है।
थाना क्षेत्र के पूर्वा फय्याज निवासी भाजपा नेता आसिफ ने शनिवार को एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने शिकायत पत्र देते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व उनका लेटरपेड से एक पत्रांक चोरी हो गया था। शुक्रवार को उन्हें जानकारी हुई की सदर का एक युवक उनके लेटरपेड का गलत इस्तेमाल कर रहा है। लेटरपेड के माध्यम से अवैध पैसों की उगाही कर रहा है। भाजपा नेता के अनुसार आरोपी हिस्ट्रीशीटर है। आरोप है कि उन्हाेंने आरोपी से मामले को लेकर जानकारी की। जिस पर आरोपी ने पीड़ित को अंजाम भुगतने की धमकी दी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 

मेडिकल स्टोर संचालक की हत्या में पुलिस को करीबी पर शक

मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव जिसौरा में शुक्रवार रात मेडिकल स्टोर संचालक माहिर (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को इस मामले में किसी करीबी पर शक है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल भी पुलिस खंगाल रही है।
जिसौरा निवासी माहिर शुक्रवार रात मेडिकल स्टोर बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया। माहिर के सिर और चेहरे पर गोली मार दी। मौके पर उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। रात करीब 1:30 बजे घटनास्थल पर एसपी देहात डाॅ. राकेश कुमार मिश्रा, सीओ किठौर प्रमोद सिंह पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। माहिर के भाई सलीम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि हत्या में किसी करीबी के होने की आशंका है। परिवार के विवादों का पता किया जा रहा है। कुछ लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया है। उधर, परिजनों ने किसी भी रंजिश से इंकार किया है। पत्नी महविश, मां नाजनीन और बहनों का रोते हुए बुरा हाल हो गया।
 

महिला जज से अभद्रता, स्टेनो से मोबाइल छीनने का प्रयास

गढ़ रोड स्थित शाहजहांपुर फल-सब्जी मंडी में शनिवार सुबह मेरठ की एक महिला जज की गाड़ी जाम में फंस गई। इसी दौरान शाहजहांपुर निवासी ई रिक्शा चालक अनिकेत ने किसी बात को लेकर कार में बैठी जज और स्टेनो से अभद्रता कर दी। स्टेनो आरोपी का फोटो लेने लगा तो उसने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। स्टेनो कार से उतरा तो आरोपी भाग निकला। काफी दूर तक पीछा करने पर भी वह हाथ नहीं आया। जज ने किठौर थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों से नाराजगी जताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। सीओ किठौर प्रमोद कुमार का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लिया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 
 
विज्ञापन

स्क्रैप दिलाने का झांसा देकर कारोबारी से 9.47 लाख रुपये ठगे

एटीएम मशीन का स्क्रैप दिलाने का झांसा देकर देहली गेट निवासी कारोबारी फुरकान कुरैशी से पांच लोगों ने 9.47 लाख रुपये ठग लिए। स्क्रैप कानपुर में किसी और को बेचकर रुपये आपस में बांट लिए। पीड़ित ने देहली गेट थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देहली गेट में कोठी अतानस निवासी फुरकान कुरैशी ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि वह अपनी फर्म बियानी ट्रेडर्स के माध्यम से खराब एटीएम मशीन का स्क्रैप खरीदते हैं। कुछ दिन पूर्व उनके पास कानपुर से रामजी नाम का व्यक्ति आया। उसने बताया कि लखनऊ की एक्सीलेंसर सोल्यूशंस फर्म के मालिक विकास दुबे ने कॉपर इंडिया के साथ खराब एटीएम मशीन खरीदने का अनुबंध किया है। कहा कि 50 हजार रुपये कमीशन देने पर वह विकास दुबे से खराब एटीएम किलो के भाव में दिलवा देगा। दो मार्च 2025 को 8.52 लाख रुपये के बिल पर फुरकान कुरैशी ने दो लाख रुपये और फिर 3.70 लाख रुपये विकास दुबे के अकाउंट में ट्रांसफर किए। अगले दिन लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट एजेंसी पटना के मालिक संजू ने गाड़ी मालिक अवतार सिंह से बात करके खराब एटीएम गुवाहाटी में गाड़ी में लदवा दिए। गाड़ी पर इटावा निवासी विकास मिश्रा चालक था।
चार मार्च को गाड़ी गुवाहाटी से चली। 6 मार्च को सिलीगुड़ी में सेल्स टैक्स आफिसर ने गाड़ी पकड़ ली। फुरकान कुरैशी ने रामजी, विकास दुबे और विकास मिश्रा से बात की तो उन्होंने बताया कि गाड़ी जाम में फंसी है। रामजी ने अपने कमीशन के 50 हजार रुपये, गाड़ी मालिक ने भाड़े के 85 हजार रुपये और लोडिंग के 13,800 रुपये मांगे। उन्होंने सभी को रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। इसके बाद आरोपियों ने बताया कि गाड़ी सेल्स टैक्स आफिसर ने पकड़ ली है। टैक्स जमा करके गाड़ी छुड़ा लो। पीड़ित ने 2.28 लाख रुपये जमा कराकर गाड़ी छुड़वाई। इसके बाद भी गाड़ी उनके पास नहीं पहुंची। आरोप है कि इन लोगों ने 4 अप्रैल 2025 को गाड़ी का सारा स्क्रैप कानपुर में 8.52 लाख रुपये में बेचकर रकम आपस में बांट ली। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें